बीकानेर के सुमित तेजी का राजस्थान अंडर-19 टीम में चयन, कूच बिहार ट्रॉफी में दिखाएंगे दम


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर के युवा क्रिकेटर सुमित तेजी ने राजस्थान की अंडर-19 टीम में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। उनका चयन प्रतिष्ठित कूच बिहार ट्रॉफी के लिए हुआ है।
सुमित तेजी बीकानेर से आते हैं और लगातार क्रिकेट में मेहनत कर अपनी प्रतिभा साबित कर रहे हैं। चयन प्रक्रिया के दौरान उन्होंने प्रैक्टिस मैचों और चयन मैचों में शानदार प्रदर्शन किया। दोनों ही चरणों में सुमित ने सर्वाधिक स्कोर करने वाले खिलाड़ियों में जगह बनाते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।


उनके शानदार प्रदर्शन, खेल के प्रति समर्पण और निरंतर मेहनत का परिणाम है कि उन्हें राजस्थान की अंडर-19 टीम में खेलने का अवसर मिला है। कूच बिहार ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में चयन से सुमित के क्रिकेट करियर को नई दिशा मिलेगी।
सुमित के चयन से बीकानेर के क्रिकेट प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। अब सुमित राष्ट्रीय स्तर के इस टूर्नामेंट में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार हैं।
सुमित तेजी की इस उपलब्धि से बीकानेर के क्रिकेट जगत में खुशी की लहर है।





































