|

विद्युत कोचिंग स्टाफ का नियंत्रण फिर वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर को सौंपने की मांग, NWREU ने उठाया मुद्दा15 जुलाई 2024 से पूर्व की व्यवस्था बहाल करने की मांग

THE BIKANER NEWS:-Writingबीकानेर। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन (NWREU) ने रेलवे के विद्युत कोचिंग (TL एवं RAC) स्टाफ के नियंत्रण को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। यूनियन का कहना है कि विद्युत कोचिंग स्टाफ का नियंत्रण पुनः वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (Sr.DEE) के अधीन किया जाना चाहिए।


यूनियन के महामंत्री मुकेश माथुर के नेतृत्व में 17 नवंबर 2026 को प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एवं प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर के साथ हुई बैठक में यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
यूनियन के अनुसार, प्रधान कार्यालय जयपुर द्वारा 15 जुलाई 2024 को जारी आदेश के तहत मंडल स्तर पर विद्युत विभाग के TL एवं AC स्टाफ का नियंत्रण अस्थायी रूप से वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर के स्थान पर वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (C&W) को सौंप दिया गया था। यूनियन ने इस व्यवस्था को रेलवे बोर्ड के वर्ष 2019 के निर्देशों के विपरीत बताया है।
यूनियन पदाधिकारियों का तर्क है कि नियंत्रण व्यवस्था में बदलाव से प्रशासनिक कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, बल्कि कर्मचारियों और सुपरवाइजरों की परेशानियां बढ़ी हैं। विद्युत सुपरवाइजरों को यांत्रिक विभाग के अधिकारियों के साथ कार्य संबंधी समन्वय में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर एवं CDO पर भी अतिरिक्त कार्यभार बढ़ने से ट्रेन सुरक्षा से जुड़े कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
बैठक में यूनियन ने यह भी कहा कि मौजूदा व्यवस्था के चलते नियमित कार्यों की आउटसोर्सिंग बढ़ रही है। विद्युत एवं यांत्रिक विंग अलग-अलग होने से कर्मचारियों को दोनों विधाओं का पर्याप्त व्यावहारिक ज्ञान नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा स्टाफ के असंतुलन और कर्मचारियों में असंतोष जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं।
पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग
NWREU ने प्रशासन से मांग की है कि वर्तमान में मंडल स्तर पर विद्युत अधिकारियों के अधिकांश पद भरे हुए हैं और विद्युत विभाग के प्रोजेक्ट कार्य भी पूर्ण होने की स्थिति में हैं। ऐसे में 15 जुलाई 2024 से पूर्व की व्यवस्था बहाल करते हुए विद्युत कोचिंग (TL एवं RAC) स्टाफ का नियंत्रण तत्काल प्रभाव से वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर के अधीन किया जाए।
बैठक में महामंत्री मुकेश माथुर के साथ सहायक महामंत्री गोपाल मीना, मंडल अध्यक्ष बीकानेर प्रेम सैनी, शाखा सचिव जोधपुर परमानंद गुर्जर तथा शाखा सहायक सचिव अजमेर बुद्धाराम एवं आशीष मेहता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button