|

बीकानेर में सजेगी सिक्कों और मुद्राओं की अनोखी दुनिया,चौथी बार आयोजित होगा तीन दिवसीय भव्य ‘मुद्रा महोत्सव’

THE BIKANER NEWS:-​बीकानेर:शहर में इतिहास, संस्कृति और संग्रहण प्रेमियों के लिए एक ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। बीकाणा न्यूमिसमैटिक सोसाइटी की ओर से शहर में पहली बार तीन दिवसीय भव्य मुद्रा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन गंगाशहर रोड स्थित जैन पब्लिक स्कूल के सामने, अग्रवाल भवन में होगा। इस तीन दिवसीय महोत्सव में देश-विदेश के 100 से अधिक मुद्रा विशेषज्ञ और संग्रहकर्ता शामिल होंगे।

​दुर्लभ सिक्कों, करेंसी नोटों और डाक टिकटों की लगेगी भव्य प्रदर्शनी

​इस महोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि इसमें प्राचीन एवं आधुनिक सिक्कों, विभिन्न देशों की करेंसी, दुर्लभ नोटों, डाक टिकटों, माचिस संग्रह, ऐतिहासिक महत्व की पुरानी घड़ियों और कई प्रकार की दुर्लभ एवं संग्रहणीय वस्तुओं की भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी। यह आयोजन विद्यार्थियों, इतिहास प्रेमियों, शोधकर्ताओं, संग्रहकर्ताओं और आमजन के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

​ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और विशेषज्ञों से मुफ्त परामर्श

​कार्यक्रम के संयोजक एवं बीकाणा न्यूमिसमैटिक सोसाइटी के अध्यक्ष किशन लाल सोनी ने बताया कि वर्तमान समय में सिक्कों और करेंसी नोटों की खरीद-बिक्री के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में इस महोत्सव के माध्यम से लोगों को एक ऐसा विश्वसनीय मंच उपलब्ध कराया जाएगा, जहाँ लोग बिना किसी ऑनलाइन माध्यम के धोखे का शिकार हुए सीधे अनुभवी और विशेषज्ञ मुद्रा संग्रहकर्ताओं से मिल सकेंगे। लोग विशेषज्ञों से आमने-सामने निःशुल्क परामर्श लेकर अपने घरों में रखे पुराने सिक्कों और नोटों के बारे में सही जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

​सोसाइटी के उपाध्यक्ष जसवंत सिंह पारख और कोषाध्यक्ष कन्हैया लाल सोनी ने कहा कि सिक्के इतिहास का आईना होते हैं। इस प्रकार के आयोजन से न केवल लोगों में जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि यह नई पीढ़ी को भारतीय एवं विश्व इतिहास, मुद्राओं और विरासत संरक्षण के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

​25 हजार से अधिक लोगों के जुटने की संभावना

​सोसाइटी के सचिव सुधीर लुणावत के अनुसार, इस महोत्सव में बीकानेर सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों से लगभग 25 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को व्यापक जनभागीदारी वाला बनाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, विद्यालयों और विभिन्न समाजों के प्रमुख व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है। बीकानेर के इतिहास में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर आयोजित हो रहा यह तीन दिवसीय मुद्रा महोत्सव संस्कृति और संग्रहण की दुनिया में एक मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है। 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button