उर्दू दिवस पर प्रज्ञालय संस्थान में मंथन : “उर्दू और राजस्थानी – दो भाषा नहीं, एक ही तहजीब के दो रूप”


THE BIKANER NEWS:बीकानेर, 9 नवम्बर 2026। उर्दू दिवस के अवसर पर प्रज्ञालय संस्थान बीकानेर द्वारा लक्ष्मीनारायण रंगा सृजन सदन में एक विशेष विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का विषय था – “उर्दू और राजस्थानी भाषा के अंतर-संबंध”।


गोष्ठी में बतौर मुख्य वक्ता वरिष्ठ साहित्यकार कमल रंगा ने विषय का प्रवर्तन करते हुए कमल रंगा ने कहा “उर्दू और राजस्थानी में कोई दीवार नहीं है। बीकानेर की धरती पर तो दोनों एक ही थाली में पली हैं। राणा लखनवी ने 1935 में उर्दू में रामायण लिखी और आज वही रामायण राजस्थानी मठोठ में गाई जा रही है। यही इस बात का सबूत है कि उर्दू और राजस्थानी एक-दूसरे की दुश्मन नहीं, एक-दूसरे की पूरक हैं। उर्दू की नजाकत और राजस्थानी की मठोठ – दोनों मिलकर ही बीकानेर की असली गंगा-जमुनी तहजीब बनती है।
कमल रंगा ने आगे बोलते हुए कहा कि उर्दू के शब्दों – मोहब्बत, अदावत, कयामत, अंदाज़ – और राजस्थानी के शब्दों – मठोठ, हेत, लाड – का तुलनात्मक उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे दोनों भाषाओं ने एक-दूसरे के शब्द, छंद और भाव को अपनाया है।
विचार गोष्ठी में गिरिराज पारीक, पुनीत कुमार रंगा, शिक्षाविद् महावीर स्वामी, भवानी सिंह राठौड़, राजेश रंगा, युवा कवि सुमीत रंगा, अशोक शर्मा, श्रवण सुथार, राहुल अरूण, शैतान सिंह सहित अनेक गणमान्य संस्कृति कर्मी, पाठक एवं श्रोताओं ने अपनी बात रखी।
वक्ताओं ने कहा कि उर्दू दिवस पर इस तरह के आयोजन की सार्थकता यही है कि यह भाषायी सौहार्द और अपनत्व का अवसर बनता है। उर्दू को सिर्फ एक मजहब की भाषा मानना गलत है, वो तो पूरे हिन्दुस्तान की साझी विरासत है, जैसे राजस्थानी पूरे राजस्थान की आत्मा है।
अख्तर अली ने कहा – “जब बीकानेर में मुस्लिम शायर उर्दू में रामायण पढ़ता है और राजस्थानी कवि उसे राजस्थानी में गाता है, तो दुनिया को समझ आ जाता है कि भाषा कभी नफरत नहीं सिखाती, भाषा तो जोड़ना सिखाती है।”
इस अवसर पर विशेष रूप से युवा कवि सुमीत रंगा ने अपनी राजस्थानी-उर्दू मिश्रित कविता सुनाकर खूब वाहवाही बटोरी।
गोष्ठी का संचालन युवा संस्कृति कर्मी हरिनारायण ने बड़े ही सधे हुए अंदाज में किया। अंत में सभी का आभार युवा संस्कृति कर्मी आशीष रंगा ने ज्ञापित किया।
आशीष रंगा ने कहा कि प्रज्ञालय संस्थान आगे भी उर्दू-राजस्थानी के साझा मंच पर ऐसे आयोजन करता रहेगा, ताकि नई पीढ़ी दोनों भाषाओं की मिठास को समझ सके।
गोष्ठी में उपस्थित सभी श्रोताओं ने इस आयोजन को भाषायी सौहार्द का एक शानदार उदाहरण बताया।




































