|

बीकानेर नगर निगम में सफाई व्यवस्था को लेकर हंगामा,पार्षद ने फाड़े कपड़े और जमीन पर पटका सिर

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। नगर निगम में गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे सफाई व्यवस्था को लेकर जमकर हंगामा हुआ। वार्ड 37 (सुभाषपुरा-अमरसिंहपुरा) से पहली बार चुने गए भाजपा पार्षद एवं शहर महामंत्री श्याम सिंह हाडला ने अपने वार्ड में सफाई व्यवस्था बदहाल होने का आरोप लगाते हुए निगम अधिकारियों के सामने उग्र विरोध जताया।
पार्षद का आरोप है कि पिछले करीब एक महीने से वार्ड में नियमित सफाई नहीं हो रही है और कचरा संग्रहण के लिए गाड़ियां भी नहीं पहुंच रही हैं। उनका कहना था कि कचरा संग्रहण करने वाले वाहनों के ड्राइवर फोन तक नहीं उठाते, जिसके चलते आम लोगों की नाराजगी का सामना पार्षदों को करना पड़ रहा है।


इसी मुद्दे को लेकर श्याम सिंह हाडला की निगम कमिश्नर सिद्धार्थ पलानीचामी से बातचीत हुई। बताया जा रहा है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पार्षद नाराज हो गए। विरोध के दौरान उन्होंने जमीन पर बैठकर अपना सिर जमीन पर दे मारा। इसके बाद निगम हॉल में कमिश्नर के सामने उन्होंने अपनी शर्ट भी फाड़ ली।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी प्रदीप चारण ने पार्षद को संभाला और उन्हें कमिश्नर के चेंबर से बाहर ले गए। चेंबर में मौजूद स्वास्थ्य अधिकारी रवींद्र सिंह धनकड़ को भी पार्षद ने फटकार लगाई और फील्ड में काम नहीं करने का आरोप लगाते हुए इस्तीफा देने की बात कही।


टेंडर व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
श्याम सिंह हाडला ने आरोप लगाया कि पुराना सफाई टेंडर खत्म कर दिया गया है, जबकि नया टेंडर सही तरीके से लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि दीपावली का समय है और लोग घरों की साफ-सफाई कर रहे हैं, लेकिन कचरा उठाने वाली गाड़ियां मोहल्लों तक नहीं पहुंच रही हैं।
पार्षद ने कुछ अधिकारियों पर नए टेंडर से जुड़े होने और लापरवाही बरतने के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को लेकर जनता में नाराजगी है और उसका सीधा सामना पार्षदों को करना पड़ रहा है।
उन्होंने अधिकारियों पर मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप काम नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो पार्षदों के सामने जनता के बीच जवाब देना मुश्किल हो जाएगा।
नगर निगम में हुए इस हंगामे के बाद अब सफाई व्यवस्था और कचरा संग्रहण की व्यवस्था को लेकर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button