बीकानेर: करंट की चपेट में आने से दो युवकों की मौत, जमीन पर पड़ी वायर काटते समय हुआ हादसा

बीकानेर. लूणकरणसर क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सोढ़वाली और बिंझरवाली गांव के बीच हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवक जमीन पर पड़ी वायर को काटने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान वायर में करंट प्रवाहित होने से दोनों उसकी चपेट में आ गए।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक कटर की मदद से वायर काटने का प्रयास कर रहे थे। जैसे ही कटर ने वायर को छुआ, करंट का तेज झटका लगा और दोनों युवक गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। फिलहाल मृतक युवकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा ले रही है और दोनों युवकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।





































