|

समस्याओं के निवारण में निजी बिजली कंपनी की कछुआ चाल से डागा चौक क्षेत्र के निवासियों उठानी पड़ रही है लो-वोल्टेज की परेशानी

THE BIKANER NEWS:^बीकानेर। निजी बिजली कंपनी घरो के मीटर बदलने में और कनेक्शन काटने में तो जितनी फुर्ती दिखाती है अगर उतनी फुर्ती समस्याओं के निवारण में भी दिखा दे तो जनता की परेशानियां कम हो जाये लेकिन इनकी सुस्त चाल से आम नागरिक परेशान है, आपको बता दे कि शहर के डागा चौक स्थित नरसिंह मंदिर के आसपास के क्षेत्र में पिछले करीब दो वर्षों से लो-वोल्टेज और बिजली आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है, जिससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।


मोहल्लेवासियों का कहना है कि पिछले तीन महीनों से वे लगातार बीकेसीएल (BKCL) के अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि करीब 40 दिन पहले विभाग ने क्षेत्र में नए बिजली पोल तो लगा दिए, लेकिन यह आश्वासन देने के बावजूद कि जल्द नई केबल डालकर कनेक्शन कर दिया जाएगा, काम अधूरा छोड़ दिया गया।


स्थानीय लोगों के अनुसार करीब पांच दिन पहले नई केबल तो बिछा दी गई, लेकिन अब तक उसे बिजली लाइन से नहीं जोड़ा गया है। इसके अलावा क्षेत्र में प्रतिदिन सुबह लगभग 9 बजे से 10 बजे तक नियमित रूप से बिजली कटौती भी हो रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि लगातार वोल्टेज के उतार-चढ़ाव के कारण उनके घरों के कई बिजली उपकरण खराब हो चुके हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि जब भी वे अपनी समस्या को लेकर विरोध या शिकायत करते हैं, तो समाधान करने के बजाय मौके पर पुलिस भेज दी जाती है। लोगों ने बीकेसीएल प्रशासन से जल्द से जल्द नई केबल का कनेक्शन कर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को सुचारु करने तथा लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button