मानसून मेहरबान: राजस्थान में 12 अगस्त तक तेज बारिश के आसार, कई जिलों में अलर्ट

जयपुर। राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 7 जिलों में अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, करीब 30 जिलों में हल्की से भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके बाद 14 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं।

इससे पहले रविवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़ बास में 74 मिमी और कोटकासिम में 66 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा अलवर, भीलवाड़ा, बारां, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जयपुर, झालावाड़, करौली, कोटपूतली-बहरोड़, नागौर, सवाई माधोपुर और सीकर में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई। जयपुर में सुबह करीब दो घंटे तक अलग-अलग इलाकों में रुक-रुककर बारिश हुई।
इन जिलों में भी हुई बारिश
रविवार को चूरू में 11.2 मिमी, करौली में 11, सीकर में 3, जोधपुर शहर में 3.3, जयपुर में 2.6, अजमेर में 6.1, पिलानी में 9.8, श्रीगंगानगर में 8 और दौसा में 8.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं नागौर में 7.5, सांगरिया में 8.5 और पाली में 3.5 मिमी बारिश हुई।
10 से 12 अगस्त तक बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 10 से 12 अगस्त के बीच पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में भी बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।
बारिश के बावजूद 11.92 फीसदी कमी
मानसून सक्रिय होने के बावजूद राजस्थान में अब तक सामान्य से 11.92 फीसदी कम बारिश हुई है। प्रदेश के करीब 18 जिले अभी भी डार्क जोन में हैं। ऐसे में आगामी दिनों में होने वाली बारिश प्रदेश में बारिश की कमी को पूरा करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि, कई जिलों में बारिश होने के बावजूद पूरे प्रदेश में बारिश का वितरण समान नहीं है।
आज इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बारां, बूंदी, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, करौली, कोटा और सवाई माधोपुर में भारी से अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
जयपुर, अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, ब्यावर, भीलवाड़ा, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर, टोंक और उदयपुर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा भरतपुर, डीग, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, सिरोही, बालोतरा, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जोधपुर, नागौर, पाली और श्रीगंगानगर में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश के दौरान लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।





































