बीकानेर: ‘डिजिटल अरेस्ट’ का खौफ,बुजुर्ग से 5.10 लाख रुपये की ठगी,साइबर पुलिस ने 1.76 लाख कराए होल्ड

THE BIKANER NEWS:बीकानेर। शहर में साइबर ठगों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला गंगाशहर इलाके से सामने आया है, जहां ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर एक बुजुर्ग को डरा-धमका कर 5.10 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर पुलिस ने 1.76 लाख रुपये बैंक में होल्ड करवा दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।

वीडियो कॉल से बुना गया ठगी का जाल
जानकारी के अनुसार, पीड़ित जयचंदलाल बोथरा को 14 मार्च को एक अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल आया था। कॉल करने वाले बदमाशों ने खुद को बड़ा अधिकारी बताते हुए पीड़ित से कहा कि उनके खाते से करीब 3 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेन-देन हुआ है। ठगों ने केनरा बैंक के एक खाते का जिक्र कर उन्हें बुरी तरह डराया।
फर्जी केस में फंसाने और ‘डिजिटल अरेस्ट’ की धमकी
बदमाशों ने पीड़ित पर आरोप लगाया कि उनके नाम से जारी एक सिम कार्ड से आपत्तिजनक मैसेज और वीडियो भेजे गए हैं। ठगों ने उन्हें एक युवती की आत्महत्या के फर्जी मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद बुजुर्ग को “डिजिटल अरेस्ट” घोषित कर दिया गया और सख्त हिदायत दी गई कि वह किसी से संपर्क न करें और लगातार उनके साथ कॉल पर जुड़े रहें।
डर के मारे ट्रांसफर किए 5.10 लाख रुपये
लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक दबाव के चलते बुजुर्ग बुरी तरह घबरा गए। डर के साये में उन्होंने अपने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के खाते से ठगों द्वारा बताए गए एक निजी बैंक खाते में 5.10 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
50 लाख की और मांग हुई तो खुला राज
27 मार्च को ठगों ने एक बार फिर जयचंदलाल से संपर्क किया और इस बार 50 लाख रुपये की भारी-भरकम मांग की। इस मांग के बाद पीड़ित को शक हुआ कि वह किसी बड़ी ठगी का शिकार हो रहे हैं। घटना के बाद से खौफजदा बुजुर्ग ने यह बात किसी को नहीं बताई थी, लेकिन इस बार उन्होंने हिम्मत कर अपने परिजनों को पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
साइबर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
साइबर थाना प्रभारी रमेश सर्वटा ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और ठगों के खाते में गए पैसों में से 1.76 लाख रुपये होल्ड करवा दिए। पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है। ठगों की गिरफ्तारी और शेष राशि वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
साइबर पुलिस की अपील – ऐसे बचें ठगी से:
अगर कोई फोन पर आपको डराए-धमकाए या किसी केस में फंसाने की बात कहे, तो घबराएं नहीं। तुरंत अपने परिजनों को बताएं और स्थानीय पुलिस से संपर्क करें
अनजान वीडियो कॉल या नंबर से आने वाली कॉल्स पर भरोसा न करें।
यह हमेशा याद रखें कि कोई भी सरकारी एजेंसी या पुलिस फोन पर “डिजिटल अरेस्ट” नहीं करती है।





































