रात में घर में घुसे बदमाश, बुजुर्ग दंपती और दो पोतों पर किया हमला

बीकानेर। देशनोक थाना क्षेत्र के नृसिंहों का बास में घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती और उनके दो पोतों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर 73 वर्षीय मनोहरी देवी पत्नी मांगीलाल सुथार ने देशनोक थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

रिपोर्ट के अनुसार, 3 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे मनोहरी देवी अपने पति मांगीलाल सुथार और पोते करण सुथार व कुलदीप सुथार के साथ घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान अमनदान पुत्र अशोकदान, पिनू पुत्र अशोकदान और अशोकदान पुत्र गिरधारीदान चारण कैंपर गाड़ी लेकर कथित तौर पर जबरन घर में घुस आए।
आरोप है कि तीनों ने पाइप, लाठियों और सरियों से परिवार पर हमला कर दिया। हमले में करण सुथार के दोनों पैर टूट गए। वहीं मांगीलाल सुथार की कमर और पैरों पर लाठियों से वार किए गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने कुलदीप सुथार पर कैंपर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। कुलदीप ने बचने की कोशिश की, इस दौरान उसके हाथों में चोटें आईं।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद रात करीब 2 बजे अमनदान दो-तीन अन्य लोगों के साथ कथित तौर पर दोबारा घर पहुंचा और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल जितेंद्र को सौंपी गई है। पुलिस अब घटना के कारणों और आरोपों की जांच कर रही है।





































