बीकानेर में पहली बार होगा श्री विष्णु पुराण कथा का भव्य आयोजन, 16 मई को निकलेगी विशाल कलश यात्रा

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर:%सनातन धर्म साधना पीठ एवं विष्णु पुराण आयोजन समिति के तत्वावधान में आगामी पुरुषोत्तम मास में बीकानेर की धर्म धरा पर पहली बार ‘श्री विष्णु पुराण कथा’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह धार्मिक अनुष्ठान पुष्करणा ग्राउंड के पीछे स्थित रत्ताणी व्यासों की बगीची में आयोजित किया जाएगा।

सोमवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में समिति ने इस महाआयोजन की विस्तृत जानकारी साझा की।
कथा वाचक और समय
कथा का वाचन श्री मरुनायक व्यास पीठाधीश्वर पुराण प्रवक्ता पंडित भाईश्री के मुखारविंद से किया जाएगा। कथा प्रतिदिन दोपहर 1:15 बजे से सायं 5:15 बजे तक चलेगी। समिति के अनुसार, पुरुषोत्तम मास भगवान विष्णु का प्रिय मास है और इसमें विष्णु पुराण सुनने का विशेष महत्व है।
108 पोथियों का विशेष पूजन
17 मई को कथा प्रारंभ होने पर 108 विष्णु पुराण की पोथियां कथा मंडप में विराजमान की जाएंगी। अलग-अलग यजमानों से संकल्प करवाकर 7 दिनों तक इन पोथियों को श्री विष्णु सहस्रनाम से अभिमंत्रित किया जाएगा और फिर यजमानों को सौंप दिया जाएगा। कोई भी श्रद्धालु समिति से संपर्क कर पोथी की बुकिंग करवा सकता है। प्रतिदिन कथा से पूर्व विशेष रूप से विष्णु सहस्रनामावली से तुलसी अर्चन और मंडप पूजन किया जाएगा।
1100 महिलाओं के साथ भव्य कलश यात्रा
कथा से एक दिन पूर्व, 16 मई को सायं 5:15 बजे सूरदासानी बगीची, गोकुल सर्किल से एक विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में 1100 माताएं-बहनें एक समान साड़ी पहनकर कलश उठाएंगी। कलश यात्रा गोकुल सर्किल से शुरू होकर नत्थूसर गेट, बारह गुवाड़ चौक, साले की होली और धर्मनगर द्वार होते हुए कथा स्थल पहुंचेगी। कलश और साड़ियों का वितरण 11 मई (आज) से रत्ताणी व्यासों की बगीची में सायं 6 से 8 बजे तक महिला पदाधिकारियों द्वारा शुरू कर दिया गया है।
‘हर ललाट तिलक अभियान’ का होगा शंखनाद
सनातन धर्म की नींव को मजबूत करने के लिए समिति एक अनूठी पहल करने जा रही है। 16 मई को ही ‘हर ललाट तिलक अभियान’ की शुरुआत की जाएगी। इस अभियान का लक्ष्य बीकानेर जिले के सवा लाख लोगों को मस्तक पर तिलक लगाने के लिए प्रेरित करना है। इसका शुभारंभ तारा-तारा मठ के महंत एवं पोकरण विधायक प्रताप पुरी जी महाराज के सानिध्य में किया जाएगा।
आकर्षक झांकियां और शीतल जल की व्यवस्था
कथा के सात दिनों के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान विष्णु के विभिन्न अवतारों की मनमोहक और सजीव झांकियों के दर्शन भी करवाए जाएंगे। इसके अलावा भीषण गर्मी को देखते हुए कथा में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन शीतल जल और ठंडे पेय पदार्थों की समुचित व्यवस्था की गई है।





































