|

बीकानेर पीबीएम अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूता और नवजात की मौत, परिजनों में आक्रोश

THE BIKANER NEWS:^बीकानेर। संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद एक प्रसूता और उसके नवजात शिशु की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।


जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान लीला (पत्नी रेखाराम), निवासी कुचौर (नापासर) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें पीबीएम अस्पताल के जनाना अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 3 जुलाई को उनकी सिजेरियन डिलीवरी कराई गई, लेकिन ऑपरेशन के बाद नवजात शिशु की मौत हो गई। इसके बाद प्रसूता की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और शनिवार देर रात ट्रॉमा आईसीयू में उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।


अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया के अनुसार, प्रसव के बाद अधिक रक्तस्राव होने से प्रसूता की स्थिति गंभीर हो गई थी। उन्हें तत्काल ट्रॉमा आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। उपचार के दौरान उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया। चिकित्सकों ने सीपीआर सहित सभी आवश्यक प्रयास किए, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी के बाहर एकत्रित हो गए और आक्रोश जताया। कांग्रेस नेता रामनिवास कूकणा भी अस्पताल पहुंचे तथा परिजनों से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर प्रशासन से बातचीत की जाएगी। परिजनों का कहना है कि इलाज से जुड़े दस्तावेज मिलने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


गौरतलब है कि हाल के समय में पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की मौत के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिससे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई का इंतजार है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button