बीकानेर वासियों के लिए कोटगेट और सांखला रेल फाटकों की समस्या से जुड़ी राहत भरी खबर


THE BIKANER NEWS:बीकानेर (21 अप्रैल): बीकानेर शहर के ह्रदय स्थल माने जाने वाले कोटगेट और सांखला रेल फाटकों पर लगने वाले भारी जाम से अब जल्द ही शहरवासियों को निजात मिलने की उम्मीद है। राज्य सरकार ने अपनी बजट घोषणा पर अमल करते हुए इन दोनों प्रमुख फाटकों के लिए 57 करोड़ रुपये की संशोधित वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। इस फैसले के बाद लंबे समय से अटके पड़े इस प्रोजेक्ट ने अब रफ्तार पकड़ ली है। बजट घोषणा का हुआ क्रियान्वयन सरकार द्वारा बजट में बीकानेर की इस सबसे बड़ी यातायात समस्या के समाधान की घोषणा की गई थी। अब 57 करोड़ रुपये की इस संशोधित वित्तीय स्वीकृति के जारी होने से निर्माण कार्यों का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया है। बजट जारी होने से प्रशासनिक और निर्माण एजेंसियों को भी हरी झंडी मिल गई है और जल्द ही जमीनी स्तर पर काम शुरू होने की संभावना है। शहर की सबसे बड़ी समस्या का होगा समाधान गौरतलब है कि कोटगेट और सांखला फाटक पर दिनभर में कई बार ट्रेनें गुजरने के कारण फाटक बंद रहते हैं। इससे शहर के बीचों-बीच भीषण ट्रैफिक जाम लग जाता है, जिससे आम जनता, व्यापारी और स्कूल जाने वाले बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लंबे समय से बीकानेर के लोग यहाँ एलिवेटेड रोड या अंडरपास के जरिए स्थायी समाधान की मांग कर रहे थे।प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, बजट आवंटित होने के बाद अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया और तकनीकी औपचारिकताओं को पूरा कर निर्माण कार्य की शुरुआत की जाएगी।




































