|

शर्मशार बीकानेर:-टूटी सड़क ने बढ़ाया प्रसव का दर्द,महिला ने कार में ही दिया बच्चे को जन्म,जगह जगह ट्रेफिक जाम,जीना बेहाल

THE BIKANER NEWS:-बीकानेरबीकानेर।शहर में टूटी-फूटी सड़कों और अधूरे विकास कार्यों ने आमजन का जीना मुश्किल कर दिया है। जगह-जगह उखड़ी सड़कें, गहरे गड्ढे और चल रहे निर्माण कार्यों के कारण शहर का ट्रैफिक सिस्टम पूरी तरह चरमरा गया है। हालात यह हैं कि सुबह-शाम ऑफिस और स्कूल टाइम पर प्रमुख मार्गों पर कई-कई किलोमीटर लंबा जाम लग रहा है।

दीनदयाल सर्किल, करणी नगर रोड, कोटगेट क्षेत्र, गंगाशहर रोड, मेडिकल कॉलेज मार्ग और पब्लिक पार्क क्षेत्र में स्थिति सबसे ज्यादा बिगड़ी हुई है। टूटी सड़कों और ट्रेफिक जाम की वजह से वाहन रेंग-रेंगकर चल रहे हैं, जिससे लोगों को रोजाना 20 मिनट का सफर 40 मिनट में तय करना पड़ रहा है।


करणी नगर की टूटी सड़क ने बढ़ाया प्रसव का दर्द, महिला ने कार में ही दिया बच्चे को जन्म

विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और लापरवाही का खामियाज़ा आमजन को किस तरह भुगतना पड़ता है, इसका ताज़ा उदाहरण करणी नगर क्षेत्र में देखने को मिला। यहां एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हुई, लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही हालात गंभीर बना दिए।

सोशल मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार, करणी नगर में रहने वाली महिला को देर रात प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजन तुरंत उसे कार में लेकर अस्पताल के लिए रवाना हुए, लेकिन दीनदयाल सर्किल के पास सड़क पर पड़े गहरे गड्ढों और टूटे मार्ग की वजह से कार बार-बार ऊछलती रही। स्थिति ऐसी हो गई कि झटकों के चलते महिला का प्रसव कार में ही हो गया।

परिजन जैसे-तैसे महिला और नवजात को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां दोनों की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पिछले दो महीनों से सड़क निर्माण रुका हुआ है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार शिकायतों के बावजूद संबंधित विभागों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया, जिसका नतीजा इस तरह की संवेदनशील घटना के रूप में सामने आया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश और भारी वाहनों के आवागमन से सड़कों की हालत और खराब हो चुकी है, लेकिन मरम्मत के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। कई जगहों पर निर्माण कार्य महीनों से अधूरे पड़े हैं, जिसकी वजह से पूरे क्षेत्र में धूल, गड्ढे और जाम का संकट बना हुआ है।

वाहन चालकों के मुताबिक, सड़कों की स्थिति इतनी बदतर है कि अक्सर वाहन क्षतिग्रस्त हो जाते हैं और हादसों का भी खतरा बढ़ गया है। हाल ही में खराब सड़क की वजह से एक गर्भवती महिला का प्रसव गाड़ी में होने की घटना ने प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शहरवासी प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि टूटी सड़कों की तुरंत मरम्मत कर ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि आमजन को इस यातना से राहत मिल सके।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button