मदुरई-बीकानेर एक्सप्रेस में 1 करोड़ की चोरी, AC कोच में मां-बेटी के बैग से जेवर और 8 लाख कैश गायब






THE BIKANER NEWS:^बीकानेर। मदुरई-बीकानेर एक्सप्रेस के एसी कोच में सफर कर रही मां-बेटी के बैग से करीब 1 करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और 8 लाख रुपये नकद चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना 12 सितंबर की बताई जा रही है। चोरी का पता परिवार को घर पहुंचने के बाद बैग खोलने पर चला। मामले में 14 सितंबर को बीकानेर जीआरपी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
नागपुर से नोखा लौट रही थीं मां-बेटी
जीआरपी थानाधिकारी नेहा राजपुरोहित के अनुसार, देसलसर निवासी विक्रम राजपुरोहित ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पीड़ित परिवार महाराष्ट्र के अमरावती जिले के वरुड़ में मिठाई का कारोबार करता है।
विक्रम की मां मांगीदेवी और बहन डिंपल राजपुरोहित नागपुर में एक परिचित के सगाई समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौट रही थीं। दोनों ने 11 सितंबर को नागपुर से नोखा के लिए मदुरई-बीकानेर एक्सप्रेस पकड़ी थी। वे ट्रेन के B-1 कोच में सीट नंबर 25 और 28 पर सफर कर रही थीं।
सीट के नीचे रखे थे बैग
यात्रा के दौरान मां-बेटी ने अपने दो ट्रॉली बैग सहित 3-4 अन्य बैग सीट के नीचे रखे थे। 12 सितंबर को ट्रेन के नोखा पहुंचने पर परिजन स्टेशन पहुंचे और मां-बेटी को सामान सहित गांव ले गए।
घर पहुंचने के बाद जब मांगीदेवी ने अपना ट्रॉली बैग खोला तो परिवार के होश उड़ गए। बैग से करीब 70 तोला सोने के जेवर, आधा किलो चांदी की ज्वेलरी और 8 लाख रुपये नकद गायब मिले।
GRP-RPF ने शुरू की जांच
करीब 1 करोड़ रुपये की चोरी की सूचना मिलने के बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीमें जांच में जुट गई हैं। पुलिस द्वारा ट्रेन और संबंधित रेलवे स्टेशनों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर चोरी की वारदात से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यात्रा के दौरान किस स्थान पर बैग से सामान निकाला गया और वारदात को अंजाम देने वाले लोग कौन थे।




































