बीकानेर:-सड़क किनारे खड़ी निजी स्कूल बस में लगी भीषण आग, धू-धू कर जली गाड़ी; 24 घंटे में दूसरी घटना


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर:नोखा क्षेत्र के रोड़ा गांव में शनिवार दोपहर को उस समय हड़कंप मच गया जब सड़क किनारे खड़ी एक निजी स्कूल की बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई और धुएं का गुबार दूर-दूर तक फैल गया। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त बस पूरी तरह खाली थी और उसमें कोई स्कूली बच्चा मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

गौरतलब है कि नोखा क्षेत्र में बीते 24 घंटे के भीतर आगजनी की यह दूसरी घटना सामने आई है।
धुएं का गुबार देख मची अफरा-तफरी, सरपंच ने बुलाई दमकल
जानकारी के अनुसार, रोड़ा गांव में सड़क किनारे खड़ी निजी स्कूल बस में अचानक से आग उठने लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बस लपटों से घिर गई। धुएं का गुबार देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही रोड़ा सरपंच ऋषिराज सिंह ने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना पाकर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बस में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट होना माना जा रहा है। पुलिस और दमकल की टीम घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है। बच्चे मौजूद न होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।





































