राजस्थान में मानसून का जोर: 30 जिलों में बारिश का अलर्ट, 4 में ऑरेंज और 14 में येलो अलर्ट

जयपुर। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी जयपुर समेत कई जिलों में गुरुवार देर रात से शुरू हुआ बारिश का दौर शुक्रवार सुबह तक रुक-रुककर जारी रहा। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 30 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इनमें कुछ जिलों में भारी से अतिभारी बारिश और कुछ में भारी बारिश होने के आसार हैं।

मौसम केंद्र जयपुर ने 4 जिलों में भारी से अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट तथा 14 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, अन्य 12 जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
इससे पहले गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून ने जमकर रंग दिखाया। भरतपुर, अलवर और गंगापुरसिटी सहित कई क्षेत्रों में जोरदार बारिश हुई। लगातार बारिश के चलते कई जगह सड़कें जलमग्न हो गईं, जबकि कॉलोनियों और दुकानों में पानी भरने की स्थिति सामने आई।
राजधानी जयपुर में गुरुवार रात करीब 11 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। जेएलएन मार्ग, मालवीय नगर, टोंक रोड, राजापार्क और जगतपुरा समेत कई इलाकों में बारिश हुई।
10 अगस्त तक भारी बारिश के आसार
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 7 से 10 अगस्त तक भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। मानसून ट्रफ लाइन फिरोजपुर, रोहतक और कानपुर से होकर गुजर रही है, जिसके प्रभाव से पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर सक्रिय हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार बीते सप्ताह प्रदेश में सामान्य से करीब 26 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई। वहीं, 15 अगस्त के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है।




































