शहर के इस थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना,हमलावर फरार

बीकानेर: शहर में एक बार फिर चाकूबाजी की वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम सुभाषपुरा सर्किल के पास हुए विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में घायल युवक को तत्काल पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान असलम पठान के रूप में हुई है। उसके पेट और कंधे पर चाकू के घाव बताए जा रहे हैं।फिलहाल हमले के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। घटना के संबंध में आगे की जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





































