बीकानेर में नयाशहर थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े ठगी, तंत्र-मंत्र का झांसा देकर सोने की चेन ले गए युवक

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर के नयाशहर थाना इलाके में एक बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े सोने की चेन ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने महिला को ज्योतिष और तंत्र-मंत्र से जुड़ी बातें बताकर डराया और कथित तौर पर सम्मोहित करने के बाद उसके गले से सोने की चेन उतरवा ली। घटना सीताराम गेट के सामने की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जस्सूसर गेट बाहर निवासी पार्वती स्वामी विश्वकर्मा गेट के सामने स्थित रामदेव मंदिर के दर्शन कर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पारीक अस्पताल के सामने दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया। युवकों ने खुद को हरिद्वार का पंडित बताते हुए महिला से ज्योतिष और तंत्र-मंत्र से संबंधित बातचीत शुरू की।
महिला के अनुसार, युवकों ने उनसे कहा कि उनका समय खराब चल रहा है और आज उनके छोटे बेटे की मौत हो जाएगी। इसके बाद उन्होंने महिला से पीछे जाकर 11 पत्थर लाने को कहा। महिला उनके कहे अनुसार 11 पत्थर लेकर वापस आई।
इसके बाद एक युवक ने महिला से आंखें बंद कर ‘ऊं नमः शिवाय’ का जाप करने को कहा। महिला के अनुसार, जब वह जाप कर रही थीं, तब युवकों ने उनसे गले में पहनी सोने की चेन उतारकर दूसरे युवक को देने के लिए कहा। महिला ने चेन उतारकर दे दी। इसके बाद दूसरा युवक चेन लेकर मौके से फरार हो गया।
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक युवक स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के परिजन मौके पर पहुंचे और आसपास तलाश की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर नयाशहर थाने के एसआई हंसराज और सिपाही मनोज मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर दोनों युवकों की पहचान और तलाश में जुटी है।
महिला के परिजनों ने बताया कि युवकों ने कथित तौर पर महिला को हिप्नोटाइज/सम्मोहित कर अपने प्रभाव में लिया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।




































