बीकानेर:-खुले पड़े नाले बन रहे है हादसों की वजह,24 फीट गहरे खुले नाले में गिरा युवक,पूरी रात मौत के साये में बैठा रहा,सुबह छात्रों की पड़ी नजर,सुरक्षित निकाला


thebikanernews.com:-बीकानेर। शहर में खुले पड़े गहरे नाले एक बार फिर हादसे का कारण बनते-बनते रह गए। रात करीब 11 बजे एक युवक 24 फीट गहरे खुले नाले में गिर गया और करीब 9 घंटे तक उसमें फंसा रहा। सुबह दो कॉलेज छात्रों को नाले से आवाज सुनाई देने पर उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।


जानकारी के अनुसार बुधवार रात्रि को हरासर हवेली के सामने फुटपाथ निर्माण के लिए मुख्य नाले का एक हिस्सा खुला छोड़ दिया जाना एक युवक के लिए करीब साढ़े नौ घंटे की जानलेवा परीक्षा बन गया। भुट्टों का बास निवासी सुरेन्द्र वाल्मीकि 24 फीट गहरे नाले में गिरकर रात करीब 11 बजे से अगली सुबह 8:30 बजे तक घोर अंधेरे, कचरे और जहरीली गैसों के खतरे के बीच फंसे रहे।
युवक रात करीब 11 टॉयलेट करने के लिए निकला था। वापस अपनी छपरी में सोने के लिए लौटते समय अंधेरे के कारण वह खुले नाले में जा गिरा। नाला करीब 24 फीट गहरा था। नीचे धीमी गति से पानी बह रहा था और कचरे व मिट्टी की परत जमा थी
अंधेरे के बावजूद सुरेंद्र हिम्मत जुटाकर नाले के भीतर करीब 50 मीटर आगे बढ़े और जहां तक मिट्टी-कचरे की परत थी, वहीं बैठ गए। उन्होंने मदद के लिए आवाजें लगाईं, लेकिन सुनसान रात में किसी ने नहीं सुना और मोबाइल की बैटरी डिस्चार्ज होने के कारण वे फोन भी नहीं कर सके।
उजाला होने पर वे नाले के दूसरे खुले हिस्से के पास पहुंचे और चिल्लाने लगे। सुबह करीब 8 बजे वहां से गुजर रहे दो कॉलेज छात्रों ने आवाज सुनी और हाथ उछालते हुए सुरेंद्र को देखकर आसपास के लोगों को बुलाया।
सूचना मिलने पर वार्ड 52 के पार्षद उम्मेद सिंह राजपुरोहित मौके पर पहुंचे इसके बाद नगर निगम की जेसीबी मंगवाकर सुरेंद्र को सुरक्षित बाहर निकाला गया। साढ़े नौ घंटे नाले में रहने के बावजूद उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।
युवक ने नहीं खोई हिम्मत
सुरक्षित बाहर निकाले गए युवक ने बताया कि नाले में गिरने के बाद उसे काफी परेशानी हुई, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। गनीमत रही कि इतने गहरे नाले में गिरने और पूरी रात फंसे रहने के बावजूद उसे गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गया।
खुले नालों को लेकर निगम पर उठे सवाल
इस घटना ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और शहर में खुले पड़े नालों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर शहर में इतने गहरे नाले खुले क्यों हैं? क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही इनकी सुध ली जाएगी?
जानकारी ये भी मिली है कि उस नाले का निर्माण बीडीए करवा रहा है
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से शहर के खुले नालों को तत्काल ढकने, खतरनाक स्थानों पर सुरक्षा बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य व्यक्ति को ऐसी घटना का सामना न करना पड़े।
रातभर मौत के साये में फंसे युवक की सुबह सुरक्षित बाहर निकलने की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।





































