700 करोड़ की पेयजल योजना का हिसाब सार्वजनिक करे PHED: अरुण व्यास,हर वार्ड में जलापूर्ति, पानी के प्रेशर और गुणवत्ता का सर्वे करवाने की मांग, विभाग को सौंपा विस्तृत ज्ञापन

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर की लगभग 700 करोड़ रुपये की पेयजल योजना को लेकर कांग्रेस नेता एवं राजस्थान युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण व्यास ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) से योजना का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने विभाग के अधिकारियों को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर योजना की प्रगति, खर्च और आमजन को मिल रहे वास्तविक लाभ की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
अरुण व्यास ने कहा कि इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद यह स्पष्ट होना जरूरी है कि शहर के प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले तक योजना का लाभ किस स्तर तक पहुंचा है। उन्होंने योजना की डीपीआर, अब तक हुए खर्च, वार्डवार पाइपलाइन कार्यों तथा 135 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन जलापूर्ति के निर्धारित लक्ष्य की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की।


ज्ञापन में शहर की प्रत्येक गली और मोहल्ले में भौतिक सर्वे करवाकर जलापूर्ति की मात्रा, समय और पानी के प्रेशर का रिकॉर्ड तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके साथ ही पाइपलाइन लीकेज, जल वितरण में होने वाले नुकसान (NRW), O&M ठेके की शर्तों, कर्मचारियों की तैनाती और अधिकारियों के निरीक्षण से संबंधित जानकारी भी सार्वजनिक करने की मांग की गई है।
व्यास ने पेयजल गुणवत्ता जांच रिपोर्ट, ठेकेदारों पर लगाई गई पेनल्टी, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच और थर्ड पार्टी ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक करने की भी मांग रखी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को वार्डवार जलापूर्ति का समय, शिकायतों के समाधान की समयसीमा और जलापूर्ति बाधित होने की स्थिति में पूर्व सूचना देने की प्रभावी व्यवस्था होनी चाहिए।
अरुण व्यास ने स्पष्ट किया कि ज्ञापन का उद्देश्य किसी पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि सार्वजनिक धन से संचालित इस महत्वपूर्ण योजना की पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है, ताकि बीकानेर की जनता को पेयजल योजना का वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने विभाग से सभी बिंदुओं पर समयबद्ध लिखित जवाब देने की अपील की।
ये रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान सलीम भाटी, गजेंद्र सिंह सांखला, आनंद सिंह सोढा, इमरान कोहरी, रविकांत वाल्मीकी, सोनू बारसा, मोहित भादाणी, मनोज नांगल, राजकुमार मेघवाल, सुनील पुरोहित, राजा जोशी, मुरली किराडू एवं अनिरुद्ध पुरोहित सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



































