बीकानेर:-नियमो को ताक पर रखकर अवैध पटाखा बिक्री कर रहे दुकानदार पर नगर निगम कोटगेट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मारा छापा,भारी मात्रा में पटाखे जब्त


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर के सबसे व्यस्ततम और घनी आबादी वाले व्यापारिक क्षेत्र KEM रोड और कोटगेट इलाके में अवैध रूप से बेचे जा रहे पटाखों पर नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से भारी मात्रा में पटाखे जब्त किए हैं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित दुकानदारों को पटाखे बेचने का लाइसेंस शहर में किसी अन्य स्थान का जारी किया गया था, लेकिन वे नियमों की अनदेखी करते हुए KEM रोड के भरे बाजार में खुलेआम बिक्री कर रहे थे।
सुरक्षा कारणों से नहीं जारी हुए थे लाइसेंस
KEM रोड और कोटगेट का इलाका अत्यंत घनी आबादी वाला और शहर का मुख्य बाजार है। सुरक्षा और आमजन की जान-माल की सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन द्वारा इस क्षेत्र में पटाखे बेचने की अनुमति या लाइसेंस जारी नहीं किए गए थे। इसके बावजूद नियमों को दरकिनार कर यहां अवैध दुकानें लगाई जा रही थीं।
नगर निगम और कोटगेट थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर नगर निगम और कोटगेट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अचानक बाजार में दबिश दी। कार्रवाई से हड़कंप मच गया। पुलिस और निगम की टीम ने अवैध रूप से बेचे जा रहे पटाखों का स्टॉक जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर घनी आबादी वाले बाजारों में अवैध रूप से पटाखे बेचने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





































