RBSE बोर्ड परीक्षा 2027: दस साल बाद हुआ महत्वपूर्ण बदलाव,जारी हुए निर्देश


THE BIKANER NEWS:-जयपुर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने वर्ष 2027 की माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक बोर्ड परीक्षाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। बोर्ड ने विद्यार्थियों की मुख्य उत्तर पुस्तिका के पैटर्न में बदलाव करते हुए नई कॉपियां तैयार करवाई हैं। करीब 10 साल बाद उत्तर पुस्तिका का प्रारूप बदला जा रहा है। नई मुख्य उत्तर पुस्तिकाओं में 40 प्रश्नों की कोडिंग की व्यवस्था होगी।


बोर्ड के अनुसार नई उत्तर पुस्तिकाओं का उपयोग केवल सैद्धांतिक (थ्योरी) परीक्षाओं में किया जाएगा। इस बदलाव का उद्देश्य परीक्षा व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाना है।
अतिरिक्त कॉपी के लिए पुरानी व्यवस्था रहेगी जारी
नई मुख्य उत्तर पुस्तिका भरने के बाद यदि किसी विद्यार्थी को अतिरिक्त कॉपी की आवश्यकता होती है, तो उसे परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध पुराने स्टॉक की 8 पेज वाली एक्स्ट्रा उत्तर पुस्तिका दी जाएगी। यानी नई व्यवस्था केवल मुख्य उत्तर पुस्तिका पर लागू होगी।
पुरानी मुख्य कॉपियों का नहीं होगा इस्तेमाल
बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पिछले वर्षों की बची हुई मुख्य उत्तर पुस्तिकाओं का वर्ष 2027 की परीक्षाओं में किसी भी परिस्थिति में उपयोग नहीं किया जाएगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद इन पुरानी कॉपियों को 300-300 के पैकेट में तैयार कर उन पर ‘उपयोगी रिक्त उत्तर पुस्तिकाएं’ अंकित करते हुए संग्रहण केंद्र पर जमा करवाना होगा।
जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी हुए निर्देश
बोर्ड ने नई उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण और पुरानी कॉपियों के निस्तारण को लेकर सभी जिला शिक्षा अधिकारियों एवं परीक्षा केंद्रों को निर्देश जारी किए हैं।
बीकानेर जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) राम गोपाल शर्मा ने बताया कि लगभग 10 साल बाद उत्तर पुस्तिका का पैटर्न बदला गया है। विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर नई उत्तर पुस्तिकाओं की मांग बोर्ड को भेजी जाएगी।
इस बदलाव के साथ वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं में विद्यार्थियों को नई डिजाइन और नए पैटर्न वाली मुख्य उत्तर पुस्तिकाएं मिलेंगी।





































