बीकानेर ब्रेकिंग: मुख्य डाकघर को फिर मिला धमकी भरा ई-मेल, मची अफरा-तफरी, परिसर कराया जा रहा खाली


THE BIKANER NEWS:बीकानेर। शहर के मुख्य डाकघर में एक बार फिर धमकी भरा ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया है। अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा भेजे गए इस ई-मेल में शहर के संवेदनशील दफ्तरों को निशाना बनाने की बात कही गई है।

धमकी भरा संदेश मिलने के बाद डाकघर प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। एहतियात के तौर पर सूचना मिलते ही मुख्य डाकघर परिसर को आनन-फानन में खाली कराया जा रहा है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते बचा जा सके।
डाकघर के मुख्य अधिकारी आरपी मीणा ने इस गंभीर मामले की सूचना तुरंत पुलिस और स्थानीय प्रशासन को दे दी है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस बल मौके पर नहीं पहुंचा था, जिसके चलते वहां मौजूद कर्मचारियों और आमजन में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं।
कुछ दिन पहले भी उड़ी थी अफवाह
गौरतलब है कि बीकानेर के मुख्य डाकघर को कुछ दिन पहले भी इसी तरह का एक थ्रेट (धमकी) मिला था। उस समय भी प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया था, लेकिन पुलिस की सघन जांच के बाद वह केवल एक कोरी अफवाह साबित हुई थी। अब एक बार फिर ई-मेल के जरिए आई इस नई धमकी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल सभी को पुलिस के मौके पर पहुंचने और जांच शुरू होने का इंतजार है। इसके बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह धमकी किसी की शरारत है या कोई वास्तविक खतरा। पुलिस के आने के बाद साइबर सेल की मदद से ई-मेल भेजने वाले की ट्रेसिंग भी की जाएगी।





































