|

बीकानेर:-हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 20 वर्षीय रामपुरा बस्ती निवासी सहित 2 युवकों की मौत, तार चोरी की आशंका!

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर: 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना देर रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने दोनों युवकों के शव तारों के पास पड़े देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामला बीकानेर के लूणकरणसर थाना क्षेत्र के सोढवाली-बिंझरवाली गांव में हुआ है, हादसे में दोनों युवक बुरी तरह झुलस गए। एक युवक का हाथ और कमर का हिस्सा झुलसकर काला पड़ गया, जबकि दूसरे युवक का पूरा पैर गंभीर रूप से झुलस गया। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के शव करीब पांच घंटे तक घटनास्थल पर ही पड़े रहे।


तार चोरी के दौरान हादसा होने का अंदेशा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि दोनों युवक हाईटेंशन लाइन के तार चोरी करने के उद्देश्य से मौके पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि तार का बंडल बनाते समय वे करंट की चपेट में आ गए। ग्रामीणों को दोनों के शव तारों पर ही पड़े मिले। पुलिस ने शवों के पास से एक कटर भी बरामद किया है।
हालांकि, पुलिस ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि दोनों युवक वास्तव में तार चोरी करने के लिए ही वहां पहुंचे थे। थानाधिकारी महावीर विश्नोई ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों युवक वहां किस उद्देश्य से पहुंचे थे।


एक युवक की पहचान, दूसरे की शिनाख्त बाकी
मृतकों में से एक की पहचान 20 वर्षीय भगवान सिंह पुत्र नवल सिंह, निवासी गली नंबर 5, रामपुरा बस्ती, बीकानेर के रूप में हुई है। वहीं दूसरे युवक की अभी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने दोनों शवों को लूणकरणसर के एसडीएच अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस मामले की जांच के साथ दूसरे मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button