बीकानेर:-व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को मारी टक्कर, मौके पर दर्दनाक मौत

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर के जेएनवी कॉलोनी थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। सोफिया स्कूल तिराहे पर नापासर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान गोस्वामी चौक निवासी श्रेयांश गोस्वामी, पुत्र रामकृष्ण गोस्वामी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि श्रेयांश एक निजी फर्म में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था।
ऐसे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रेयांश सोफिया स्कूल तिराहे के पास बाइक के साथ खड़ा था। इसी दौरान नापासर रूट से आ रही एक बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बस जब्त की
हादसे की सूचना मिलते ही जेएनवी कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। हादसे में शामिल बस को भी पुलिस ने जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
परिवार में मचा कोहराम
श्रेयांश की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जवान बेटे की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। वहीं, घटना के बाद गोस्वामी चौक क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।




































