दिनदहाड़े बीकानेर में गुंडई: फिल्मी स्टाइल में भिड़ाई कैंपर गाड़ियां, इलाके में फैली सनसनी,देखे वीडियो

द बीकानेर न्यूज़:-बीकानेर। शहर के पूगल रोड पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो कैंपर गाड़ियों में सवार युवकों ने कथित तौर पर एक-दूसरे पर गाड़ियां चढ़ाने का प्रयास किया। सब्जी मंडी से ठीक पहले हुए इस घटनाक्रम को देखकर सड़क पर मौजूद लोग और राहगीर सकते में आ गए। अचानक हुए इस विवाद के कारण मौके पर जाम जैसी स्थिति भी बन गई।

आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा मामला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कैंपर के पीछे दूसरी कैंपर तेज रफ्तार से आई। इसके बाद दोनों वाहनों के बीच टक्कर का सिलसिला शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि पूरा विवाद युवकों के बीच चल रही पुरानी आपसी रंजिश से जुड़ा हो सकता है।
दोनों पक्षों ने कथित तौर पर अपनी-अपनी गाड़ियों से एक-दूसरे को टक्कर मारने का प्रयास किया। सड़क पर वाहनों के इस तरह भिड़ने से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
लोहे के सरिये दिखाई देने का दावा
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि कैंपर गाड़ियों में सवार कुछ युवकों के पास लोहे के सरिये दिखाई दिए। घटना के बाद सड़क पर एक लोहे का सरिया भी पड़ा मिला। हालांकि, हथियारों की मौजूदगी और घटना में उनकी भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
पुलिस ने दोनों कैंपर जब्त कीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके पर मौजूद दोनों कैंपर गाड़ियों को जब्त कर लिया। एक वाहन को मुक्ताप्रसाद नगर थाना और दूसरे को नयाशहर थाना पुलिस ले गई।
पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, घटना में शामिल बताए जा रहे अन्य युवकों की तलाश की जा रही है।
देखे वीडियो👇👇👇
https://www.facebook.com/share/v/1BrCsZZheF/
जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की वजह, आपसी विवाद और कथित हथियारों की मौजूदगी की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस अन्य संदिग्ध युवकों की तलाश में जुटी है।





































