बीकानेर: एसआई भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़े का भंडाफोड़, जेल में बंद आरोपी फर्जी प्रवेश पत्र के साथ गिरफ्तार

THE BIKANER NEWS: बीकानेर | 6 अगस्त 2026
बीकानेर में पुलिस उप निरीक्षक (SI)/प्लाटून कमाण्डर भर्ती-2025 की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के दौरान फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। दस्तावेजों की जांच के दौरान एक अभ्यर्थी द्वारा प्रस्तुत प्रवेश पत्र फर्जी पाया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
महानिरीक्षक पुलिस, बीकानेर रेंज कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 3 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक पुलिस मोटर ड्राइविंग स्कूल, बीकानेर में शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जा रही है। गुरुवार को प्रवेश पत्र एवं अन्य दस्तावेजों की जांच के दौरान एक अभ्यर्थी पर संदेह होने पर उसके दस्तावेजों का सत्यापन किया गया, जिसमें प्रवेश पत्र फर्जी निकला।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदेश पुत्र उदनाथ (25 वर्ष), निवासी मालासर, थाना जामसर, जिला बीकानेर के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया कि आरोपी एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण (एफआईआर संख्या 267/2026, थाना जेएनवीसी) में केंद्रीय कारागार, बीकानेर में न्यायिक अभिरक्षा में बंद था। आरोप है कि जेल से बाहर आकर परीक्षा में शामिल होने के उद्देश्य से उसने फर्जी प्रवेश पत्र तैयार करवाया। आरोपी पुलिस अभिरक्षा में ही परीक्षा केंद्र पहुंचा था, जहां दस्तावेजों की जांच के दौरान पूरा मामला उजागर हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही फर्जी प्रवेश पत्र तैयार करने और इस साजिश में सहयोग करने वाले अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि भर्ती परीक्षाओं में किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का प्रयोग न करें। भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी दस्तावेजों की सघन जांच की जा रही है तथा कूटरचना और फर्जीवाड़े में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





































