बड़ी खबर:-लखोटिया चौक के मकान में लगी भीषण आग, संकरी गलियों के कारण दमकल को पहुंचने में भारी परेशानी!

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लखोटिया के चौक में एक मकान में भीषण आग लग गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मकान किसी पारीक परिवार का बताया जा रहा है। गनीमत यह रही कि आग विकराल रूप लेती, उससे पहले ही घर के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं, लेकिन इलाके की गलियां अत्यधिक संकरी होने की वजह से दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
वही स्थानीयों का कहना है कि दमकल को सूचना करने के बाद भी करीब एक घँटे बाद पहुची
दमकल के पहुंचने में आ रही बाधाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया। पिछले करीब एक घंटे से आसपास के निवासी अपनी छतों से बाल्टियों और पाइपों के जरिये पानी डालकर आग बुझाने का लगातार प्रयास कर रहे हैं।
फिलहाल, आग लगने के स्पष्ट कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। हालांकि, इस भीषण अग्निकांड में घर के अंदर रखा काफी सामान जलकर खाक होने की सूचना मिल रही है। पुलिस मौके पर मौजूद है और स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति पर नियंत्रण पाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच के बाद ही आग लगने के असली कारणों और नुकसान का सटीक आकलन हो पाएगा।





































