|

‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत नयाशहर थाना क्षेत्र के भैरव कुटिया, संसोलाव तालाब के पास से 10 किलो से ज्यादा अवैध डोडा पोस्त जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत नयाशहर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलो 555 ग्राम अवैध डोडा पोस्त छिलका जब्त किया है। पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।


महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश तथा जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में युवाओं को नशे से बचाने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ संचालित किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चंचल मिश्रा एवं वृत्ताधिकारी (नगर) अनुज दाल के सुपरविजन में नयाशहर थानाधिकारी सुरजीत कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना पर तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर मादक पदार्थ की बड़ी खेप बरामद की।


पहली कार्रवाई: 1 किलो 420 ग्राम डोडा पोस्त बरामद
पुलिस ने गणेश फील्ड स्थित जीवननाथ जी की बगीची के पास से श्रवण कुमार जाट (33) निवासी मुरलीधर व्यास नगर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1 किलो 420 ग्राम अवैध डोडा पोस्त छिलका बरामद किया गया। मामले की जांच मुक्ता प्रसाद नगर थाना पुलिस कर रही है।


दूसरी कार्रवाई: 1 किलो 535 ग्राम डोडा पोस्त जब्त
विशेष टीम ने सांसोलाव तालाब के पास से इन्द्र पाल बिश्नोई (28) निवासी जम्भेश्वर नगर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1 किलो 535 ग्राम डोडा पोस्त छिलका बरामद हुआ। इस प्रकरण की जांच कोटगेट थाना पुलिस को सौंपी गई है।


तीसरी और सबसे बड़ी कार्रवाई: 7 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त बरामद
भैरू कुटिया के पास, गणेश फील्ड क्षेत्र में पुलिस ने प्रेमसुख बिश्नोई (42) निवासी जम्भेश्वर नगर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 7 किलो 600 ग्राम अवैध डोडा पोस्त छिलका जब्त किया गया। इस मामले की जांच कोतवाली थाना पुलिस कर रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका


पूरी कार्रवाई में नयाशहर थानाधिकारी सुरजीत कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक राकेश गोदारा, हरपाल सिंह, मनजीत कौर, हेड कांस्टेबल कपिल कुमार, प्रदीप कुमार सहित विशेष टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने अभियान को आगे भी इसी तरह जारी रखने की बात कही है।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button