गाड़वाला में विकास की नई इबारत,भामाशाह भीराजराम मेघवाल ने स्टेडियम के लिए दान की 6 बीघा जमीन, मंजू सोलंकी बनीं निर्विरोध सरपंच!

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर (गाढवाला)। गाँव के विकास और युवाओं को खेल सुविधाएँ उपलब्ध करवाने की दिशा में गाढवाला में एक सराहनीय पहल सामने आई है। गाँव में आयोजित विशाल ग्रामीण बैठक में दो महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। एक ओर भामाशाह भीराजराम मेघवाल ने स्टेडियम निर्माण के लिए अपनी करीब 6 बीघा कृषि भूमि दान की, वहीं दूसरी ओर ग्रामवासियों ने सर्वसम्मति से मंजू सोलंकी को निर्विरोध सरपंच बनाने का निर्णय लिया।
स्टेडियम के लिए दान की 6 बीघा जमीन
गाढवाला में लंबे समय से स्टेडियम के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए पर्याप्त सुविधाएँ नहीं मिल पा रही थीं। इस समस्या को देखते हुए भामाशाह भीराजराम मेघवाल, जो सुनील सोलंकी के ताऊ हैं, ने आगे आकर स्टेडियम निर्माण के लिए अपनी करीब 6 बीघा कृषि भूमि दान करने की घोषणा की। उनके इस निर्णय को गाँव के विकास और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
न्यायालय में पूरी करवाई भूमि दान की प्रक्रिया
ग्रामीण बैठक में निर्णय होने के बाद भीराजराम मेघवाल स्वयं न्यायालय पहुँचे और अशोक सारण, सुंदरलाल सहित अन्य ग्रामवासियों की मौजूदगी में भूमि दान से संबंधित कानूनी प्रक्रिया और लिखापढ़ी पूरी करवाई। उनके इस कदम से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि स्टेडियम बनने से गाँव के युवाओं को खेलकूद के बेहतर अवसर मिलेंगे।
मंजू सोलंकी को निर्विरोध सरपंच बनाने का निर्णय
बैठक में गाँव की पंचायत से जुड़े विषय पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। ग्रामवासियों, पंचों और पूर्व सरपंच प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से मंजू सोलंकी, पत्नी सुनील सोलंकी, को निर्विरोध सरपंच बनाने का निर्णय लिया। इस फैसले को गाँव में आपसी सहमति और एकजुटता के रूप में देखा जा रहा है।
बैठक में सैकड़ों ग्रामीण रहे मौजूद
इस विशाल ग्रामीण बैठक में भंवरलाल जी गोदारा, मोहनलाल सारण (निवर्तमान सरपंच प्रतिनिधि), पूसाराम जी सारण, मूलाराम मेघवाल और जेठाराम सारण सहित गाँव के तमाम पंच तथा सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामवासी हरि सारण ने बताया कि भीराजराम मेघवाल के इस योगदान से गाँव के युवाओं को खेलकूद के बेहतर अवसर मिलेंगे। स्टेडियम का निर्माण होने से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच मिलेगा और खेल सुविधाओं के क्षेत्र में गाढवाला की पहचान मजबूत होगी।
गाढवाला में हुए इन दोनों फैसलों को गाँव के विकास, खेल सुविधाओं के विस्तार और सामूहिक सहमति की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।





































