|

तेज रफ्तार और बिना नंबरों के सड़को पर दौड़ रहे निगम के कचरे भरे ट्रैक्टरों को स्थानीय लोगो ने रोका,जताया विरोध

THE BIKANER NEWS:^बीकानेर। शहर के पवनपुरी क्षेत्र में गुरुवार सुबह नगर निगम के कचरा परिवहन करने वाले ट्रैक्टरों के खिलाफ स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्रवासियों ने ओवरस्पीड और बिना नंबर प्लेट चलने का आरोप लगाते हुए ट्रैक्टरों को रोक दिया और कुछ समय के लिए रास्ता जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।


स्थानीय लोगों का कहना है कि शहरभर का कचरा लेकर गुजरने वाले ट्रैक्टर तेज रफ्तार से रिहायशी क्षेत्र से निकलते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों का आरोप है कि पहले भी ओवरस्पीड के कारण कई बार अन्य वाहनों को टक्कर लग चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।


क्षेत्रवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकांश कचरा परिवहन करने वाले ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के संचालित हो रहे हैं और वाहनों पर आवश्यक पहचान संबंधी नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा है।
विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर नगर निगम के अधिकारी और जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। इस दौरान ट्रैक्टर चालकों ने भविष्य में सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया।


प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सभी ट्रैक्टरों पर नंबर प्लेट लगाने, सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी ट्रैक्टर तेज गति से और बिना नंबर प्लेट के चलते पाए गए तो क्षेत्रवासी बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button