नाबालिग छात्रा के गायब होने से सनसनी, पुलिस ने शुरू की तलाश


श्रीडूंगरगढ़, 8 जुलाई। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने 12वीं कक्षा के एक छात्र पर छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है।

परिजनों के अनुसार, छात्रा मंगलवार सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन स्कूल नहीं पहुंची। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि छात्रा घर से लगभग ₹50 हजार नकद, सोने की अंगूठी और कानों के झुमके भी साथ ले गई। वहीं, जिस 12वीं के छात्र पर आरोप लगाया गया है, वह भी उसी दिन से घर से गायब बताया जा रहा है। परिजनों ने पुलिस से छात्रा की शीघ्र तलाश कर सुरक्षित बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोनों की तलाश की जा रही है। मामले की जांच एएसआई आवड़दान को सौंपी गई है।





































