|

बीकानेर पुलिस की बड़ी कामयाबी,शातिर तरीके से करोड़ों की ठगी को ‘सफेद’ करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

THE BIKANER NEWS:^बीकानेर, 2 जुलाई। बीकानेर साइबर थाना पुलिस ने देश में पहली बार साइबर ठगी की रकम को गोल्ड लोन के जरिए ‘सफेद’ करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई महानिदेशक पुलिस (साइबर क्राइम) के ‘साइबर शील्ड’ और ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ अभियान के तहत की गई।
पुलिस ने सुनील ज्याणी (35) निवासी मिठड़िया, थाना बज्जू को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने मणप्पुरम फाइनेंस के ऑनलाइन गोल्ड लोन सिस्टम की खामी का फायदा उठाकर साइबर ठगी की करोड़ों रुपये की रकम को वैध दिखाने का तरीका अपनाया।
ऐसे करता था ठगी की रकम ‘सफेद’
पुलिस के अनुसार गिरोह पहले मणप्पुरम फाइनेंस में सोना गिरवी रखकर वैध गोल्ड लोन लेता था। इसके बाद डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन निवेश के नाम पर लोगों से ठगी गई रकम सीधे गोल्ड लोन अकाउंट में जमा करवा दी जाती थी। लोन चुकता होते ही गिरवी रखा सोना छुड़ा लिया जाता था या नया लोन ले लिया जाता था। इस प्रक्रिया से ठगी की रकम बैंकिंग सिस्टम में वैध भुगतान के रूप में दिखाई देती थी।


1.50 करोड़ की ठगी का खुलासा
जांच में सामने आया कि गिरोह ने एक वृद्ध महिला को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 1.50 करोड़ रुपये की ठगी की थी। वहीं छत्तीसगढ़ के एक व्यक्ति से निवेश के नाम पर करीब 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी भी की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने मणप्पुरम फाइनेंस से छह बार गोल्ड लोन लेकर 56 ग्राम सोने के बदले मिले लोन में ठगी के 25 लाख रुपये ऑनलाइन जमा कर लोन चुकाया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बीकानेर और कोलायत क्षेत्र में साझेदारी में सात शराब की दुकानों का संचालन करता था।


कार और महंगे मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्विफ्ट कार और तीन महंगे स्मार्टफोन जब्त किए हैं। पुलिस का मानना है कि इन उपकरणों से देशभर में फैले साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
यह कार्रवाई बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश (IPS) और एसपी मृदुल कच्छावा (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के सुपरविजन तथा साइबर थानाधिकारी शालिनी बजाज (RPS) के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के कहने पर अपने नाम से बैंक खाता या गोल्ड लोन खाता न खुलवाएं। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in⁠� पर शिकायत दर्ज कराएं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button