बड़ी खबर:-कोठारी हॉस्पिटल के पास सरेराह महिला से स्नेचिंग, नकाबपोश बदमाश बैग लेकर हुआ फरार

THE BIKANER NEWS:बीकानेर। शहर में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। मंगलवार को नया शहर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी घटना सामने आई है। कोठारी हॉस्पिटल के पास एक नकाबपोश मोटरसाइकिल सवार ने राह चलती एक महिला का बैग छीन लिया और पलक झपकते ही मौके से रफूचक्कर हो गया।

बच्चे को दिखाकर लौट रही थी महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने बच्चे की आंखों की जांच करवाकर अस्पताल से बाहर निकली थी। वह सड़क किनारे खड़ी होकर घर जाने के लिए टैक्सी रोक रही थी, तभी अचानक एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर सवार नकाबपोश बदमाश वहां आया। उसने झपट्टा मारकर महिला के हाथ से बैग छीना और तेजी से भाग निकला। बताया जा रहा है कि बैग में कुछ नकदी और अन्य जरूरी सामान मौजूद था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सरेराह हुई इस वारदात के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नया शहर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की है, जिसमें यह पूरी वारदात कैद हो गई है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की शिनाख्त करने और उसकी तलाश में जुट गई है।




































