घर में घुसकर बुजुर्ग महिला से मारपीट और जेवर लूटने वाला 36 घंटे में गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की बड़ी कामयाबी

बीकानेर।बीकानेर की कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 36 घंटे के भीतर एक गंभीर लूट की वारदात का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने घर में घुसकर एक बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट करने और जेवर लूटने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना 27 जनवरी 2026 की है। परिवादी सुरेश कुमार बांठिया (72 वर्ष), निवासी सिपाणी चौक, भावा पट्टी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वे शाम करीब 7:30 बजे जब अपने भतीजे के घर से खाना खाकर लौटे, तो उन्होंने अपनी पत्नी पुष्पा देवी बांठिया को घर के फर्श पर अर्ध-मूर्छित हालत में पाया।
होश में आने पर घबराई हुई पीड़िता ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति घर में घुस आया था। उसने उनका गला दबाया, मुंह-नाक पर घूंसे मारे और छाती पर बैठकर उनके हाथ के सोने के कड़े और गले का नेकलेस छीनकर फरार हो गया। इस घटना को लेकर जैन समाज के प्रतिनिधि मंडल ने भी एसपी से मिलकर रोष जताया था।
पुलिस ने कैसे सुलझाई गुत्थी?
घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी रेंज बीकानेर हेमंत शर्मा और एसपी कावेंद्र सागर के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। थानाधिकारी सविता ड़ाल के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्य, आसूचना संकलन और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। लगातार 36 घंटे की मेहनत के बाद पुलिस आरोपी तक पहुँचने में सफल रही।
गिरफ्तार आरोपी:
पुलिस ने इस मामले में मोहम्मद आरिफ (44 वर्ष), पुत्र स्व. हाजी अब्दुल रहमान को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से हमालों का मोहल्ला, बड़ा बाजार का निवासी है और वर्तमान में गोपेश्वर बस्ती, गंगाशहर में रह रहा था।
इस टीम को मिली सफलता:
इस कार्रवाई में थानाधिकारी सविता ड़ाल के साथ हेड कांस्टेबल महावीर सिंह, कांस्टेबल महेंद्र (746), भागीरथ, विजय, शिवराज, प्रीतम, कपिल (नयाशहर), कपिल (1504) और हंसराज शामिल थे। विशेष रूप से कांस्टेबल महेंद्र (746) और कांस्टेबल कपिल (नयाशहर) की भूमिका अहम रही।



































