Breaking:-नीट री-एग्जाम से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, टेलीग्राम पर फर्जी पेपर बेचता युवक गिरफ्तार,मचा हड़कंप

THE BIKANER NEWS:^भीलवाड़ा, 19 जून। आगामी 21 जून को होने वाली नीट (NEET) री-परीक्षा से पहले भीलवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टेलीग्राम के माध्यम से फर्जी प्रश्न पत्र बेचने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी परीक्षार्थियों को झांसा देकर ऑनलाइन ठगी कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से डिजिटल साक्ष्य जुटाए हैं और बैंक खाते की भी जांच शुरू कर दी है।

मुखबिर की सूचना पर दबिश
पुलिस अधीक्षक सागर राणा को सूचना मिली थी कि री-नीट परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी पेपर और भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है। सूचना के आधार पर प्रतापनगर थाना प्रभारी सुनील ताड़ा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पटेल नगर स्थित एक मकान पर दबिश देकर आकाश चौधरी नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया।
VPN के जरिए चला रहा था टेलीग्राम
जांच में सामने आया कि आरोपी वीपीएन (VPN) का उपयोग कर विदेशी नेटवर्क के माध्यम से टेलीग्राम चला रहा था और नीट का कथित पेपर बेचने का दावा कर अभ्यर्थियों को गुमराह कर रहा था। पुलिस को आरोपी के बैंक खाते में करीब 18 हजार रुपए का लेन-देन भी मिला है। मामले में देर रात तक पूछताछ जारी रही।
री-नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
21 जून को प्रस्तावित री-नीट परीक्षा को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हाल ही में परीक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिए थे।
कलेक्टर और एसपी करेंगे निगरानी
राज्य सरकार ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन और एनटीए के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने को कहा गया है।
अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा से जुड़ी अफवाहें फैलाने, फर्जी पेपर बेचने या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।





































