|

बड़ी खबर:-बीकानेर जीआरपी ने ट्रेन में एक करोड़ की ज्वैलरी चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का किया पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। बीकानेर जीआरपी ने अनुव्रत एक्सप्रेस ट्रेन में हुई बड़ी चोरी का पर्दाफाश करते हुए हरियाणा के अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवरात और 5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल बोलेरो गाड़ी को भी पुलिस ने जब्त किया है।


मामला 11 सितंबर का है। नागपुर से नोखा आ रही महिलाओं के बैग से अनुव्रत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 22631) के बी-1 कोच में करीब 65-70 तोला सोने के जेवरात, चांदी और 7-8 लाख रुपये नकद चोरी हो गए थे। पीड़ित विक्रम रमेश राजपुरोहित की माताजी और बहन ट्रेन से यात्रा कर रही थीं।


14 सितंबर को दर्ज हुई रिपोर्ट
घटना की रिपोर्ट 14 सितंबर को जीआरपी थाना बीकानेर में दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस ने आरक्षण चार्ट, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच शुरू की। जांच के आधार पर पुलिस ने वीरेंद्र कुमार, सुरेंद्र कुमार, सुनील कुमार और रणवीर को गिरफ्तार किया।
लंबी दूरी की ट्रेनों में बनाते थे यात्रियों को निशाना
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी करीब 6-7 सदस्यों की गैंग बनाकर ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों पर नजर रखता था और खासतौर पर उन यात्रियों को निशाना बनाता था, जो गंतव्य स्टेशन से पहले अपना सामान सीट से निकालकर गेट या गैलरी के पास रखते थे।
आरोपी यात्रियों की मदद करने के बहाने उनका ध्यान भटकाते थे। इसी दौरान मास्टर चाबी, पेचकस और अन्य औजारों की मदद से बैग खोलकर उसमें रखे जेवरात और नकदी निकाल लेते थे।


ट्रेन से उतरकर बोलेरो से होते थे फरार
वारदात के बाद आरोपी अगले स्टेशन पर ट्रेन से उतर जाते थे और ट्रेन के साथ चल रही बोलेरो गाड़ी से मौके से फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह के सरगना हरियाणा निवासी वीरेंद्र कुमार उर्फ पिल्ला और सुरेंद्र कुमार हैं। दोनों फर्स्ट एसी, सेकंड एसी, थर्ड एसी और स्लीपर कोच में सफर करने वाले यात्रियों पर नजर रखते थे।
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस के मुताबिक चारों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वीरेंद्र कुमार (42) और सुरेंद्र कुमार (46) पर चोरी के 6-6 मामले, जबकि सुनील कुमार (42) पर 3 और रणवीर (30) पर 2 मामले पहले से दर्ज हैं।


जीआरपी पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और आरोपियों से जुड़ी अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
यात्रियों से जीआरपी की अपील
जीआरपी ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन यात्रा के दौरान अपने बैग को सीट के नीचे सिक्योरिटी केबल से बांधकर लॉक रखें। कीमती सामान और नकदी को सुरक्षित अपने पास रखें। अनजान लोगों को अपने सामान की जिम्मेदारी न सौंपें और गंतव्य स्टेशन से पहले सामान को गेट या गैलरी के पास रखते समय विशेष सावधानी बरतें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button