बीकानेर में चोरों का आतंक,कांग्रेस नेता सहित तीन घरों में चोरियां,जेवरात और लाखों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरों ने तीन सूने मकानों को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवरात और लाखों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इन वारदातों से शहरवासियों में चिंता का माहौल है। तीनों मामलों में पुलिस ने शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।


कांग्रेस ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष के घर दिनदहाड़े चोरी
चोरी की पहली वारदात मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र के कृष्णा विहार में सामने आई। यहां कांग्रेस ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सेन के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार, सेन का परिवार पंचायती राज चुनाव से जुड़ी गतिविधियों में व्यस्त था। इसी दौरान बुधवार को अज्ञात चोर पीछे के रास्ते से मकान में घुस गए।
चोरों ने कमरों के ताले तोड़कर अलमारियों में रखे सोने-चांदी के जेवरात और लाखों रुपये की नकदी चुरा ली। वारदात दिनदहाड़े होने की बात सामने आई है। गौरतलब है कि ओमप्रकाश सेन की पत्नी मुन्नी देवी नाईयों की बस्ती ग्राम पंचायत से सरपंच पद का चुनाव लड़ रही हैं।
बंगला नगर में 2.27 लाख रुपये नकद और जेवरात चोरी
दूसरी वारदात मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र के बंगला नगर में पूनरासर मंदिर के पास हुई। यहां गणेश प्रजापत के घर को चोरों ने निशाना बनाया। गुरुवार को हुई इस वारदात में घर से सोने-चांदी के जेवरात के साथ 2 लाख 27 हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी सामने आई है। मामले में पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
नथुसर बास में लाखों के जेवरात और नकदी पार
तीसरी वारदात नयाशहर थाना क्षेत्र के नथुसर बास में हुई। यहां निवासी उमेश कुमार सोनी गुरुवार को किसी परिचित के घर गए हुए थे। इसी दौरान पीछे से चोर उनके मकान में घुस गए और सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी कर ले गए।
चोर घर से करीब 55 ग्राम सोने के आभूषण, जिनमें जड़ाऊ हार, कानों के घुमके, रखड़ी, तारा सेट और नाक की लॉन्गम शामिल हैं, ले गए। इसके अलावा करीब सवा किलो चांदी के सामान और डेढ़ लाख रुपये नकद भी चोरी कर लिए गए।
सूने मकानों को बना रहे निशाना, पुलिस जांच में जुटी
शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन तीनों वारदातों में सूने मकानों को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है। चोरों ने घरों में लोगों की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस में दर्ज शिकायतों के आधार पर मामलों की जांच की जा रही है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने मकानों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इन वारदातों में शामिल आरोपियों का पता कब तक चलता है और चोरी गए सामान की बरामदगी हो पाती है या नहीं।




































