जयपुर एयरपोर्ट से बड़ी खबर: 25 अक्टूबर से नया विंटर शेड्यूल लागू, 72 उड़ानों का होगा संचालन,दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु की उड़ानों में बदलाव, बैंकॉक फ्लाइट नवंबर से फिर होगी शुरू


THE BIKANER NEWS:-जयपुर। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 25 अक्टूबर से नया विंटर फ्लाइट शेड्यूल लागू होने जा रहा है। नए शेड्यूल के तहत एयरपोर्ट से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मिलाकर कुल 72 उड़ानों का संचालन होगा। सर्दियों के इस शेड्यूल में कई प्रमुख शहरों के लिए उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लेकर भी महत्वपूर्ण बदलाव सामने आए हैं।
दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए उड़ानों का नया समय
नए विंटर शेड्यूल के अनुसार, दिल्ली के लिए एयर इंडिया और इंडिगो की उड़ानें अलग-अलग समय पर संचालित होंगी। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2578 सुबह 7:30 बजे और AI-2546 दोपहर 12:45 बजे रवाना होगी। वहीं, इंडिगो की फ्लाइट 6E-2495 दोपहर 3:15 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी।
मुंबई के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1247 रात 10:15 बजे रवाना होगी। इसके अलावा नवी मुंबई के लिए इंडिगो की फ्लाइट 6E-2068 सुबह 7:10 बजे उड़ान भरेगी।
बेंगलुरु के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1130 रात 8:35 बजे रवाना होगी। वहीं, कोलकाता के लिए इंडिगो की फ्लाइट 6E-384 सुबह 5:25 बजे उड़ान भरेगी।
जोधपुर और लखनऊ के लिए भी उड़ानें
घरेलू उड़ानों के तहत जोधपुर के लिए इंडिगो की फ्लाइट 6E-7713 सुबह 7:40 बजे रवाना होगी। वहीं, लखनऊ के लिए इंडिगो की फ्लाइट 6E-7717 शाम 4:10 बजे उड़ान भरेगी।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में भी बदलाव
जयपुर एयरपोर्ट से दुबई जाने वाली दोनों उड़ानों के समय में रविवार से बदलाव होगा। इसके अलावा जयपुर से बैंकॉक के बीच हवाई सेवा 17 नवंबर से दोबारा शुरू होने जा रही है। यह फ्लाइट सप्ताह में चार दिन संचालित होगी।
वहीं, जयपुर से मस्कट के लिए उड़ान विंटर शेड्यूल में रोजाना संचालित होगी। इससे अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
25 अक्टूबर से लागू होने वाले नए विंटर शेड्यूल के साथ जयपुर एयरपोर्ट पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं के संचालन में बदलाव देखने को मिलेगा। यात्रियों को यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइन से अपनी फ्लाइट का समय और उपलब्धता जांचने की सलाह दी जाती है।




































