बीकानेर: नयाशहर पुलिस की कार्रवाई,चाकूबाजी और मारपीट का आरोपी गिरफ्तार,अन्य की तलाश जारी

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। नयाशहर थाना पुलिस ने मारपीट और चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ और अनुसंधान शुरू कर दिया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
23 सितंबर की रात हुआ था हमला
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को पीड़ित कमल किशोर माली ने पर्चा बयान दर्ज करवाया था। इसमें बताया गया कि 23 सितंबर की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच दुर्गा आभूषण की दुकान के सामने उसके साथ मारपीट की गई।
पीड़ित के मुताबिक, 4-5 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए आकिब और उसके साथ मौजूद 10-12 अन्य लोगों ने लाठी, सरियों और चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की।
21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए रेहान कुरेशी उर्फ अरमान (21) पुत्र वसीम मोहम्मद कुरेशी को गिरफ्तार किया है। आरोपी दाऊजी मंदिर के पीछे, कुरेशियान मस्जिद के पास, नयाशहर थाना क्षेत्र का निवासी है।
पुलिस अब आरोपी से घटना के संबंध में गहन अनुसंधान कर रही है। साथ ही, वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच करते हुए उनकी तलाश की जा रही है।
थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित की गई टीम
इस कार्रवाई के लिए थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक सुरजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में उपनिरीक्षक मंजीत कौर, हेड कांस्टेबल कपील कुमार एवं शीशराम तथा कांस्टेबल राजाराम और प्रहलाद राम शामिल रहे।
नयाशहर थाना पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।





































