बंगला नगर के वार्ड 19 और 20 में गंदे पानी की सप्लाई, जनता का बुरा हाल; PHED की घोर लापरवाही!

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर: शहर के बंगला नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 19 और 20 के बाशिंदे इन दिनों जलदाय विभाग (PHED) की घोर लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे हैं। इलाके में गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों का बुरा हाल है। नलों से आ रहा पानी पीने तो दूर, रोजमर्रा के अन्य कार्यों के इस्तेमाल लायक भी नहीं बचा है। गंदे पानी के कारण क्षेत्र में मौसमी बीमारियों और संक्रमण के फैलने का खतरा मंडराने लगा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि विभाग को बार-बार अवगत करवाने के बावजूद PHED के अधिकारी कुंभकर्णी नींद सोए हुए हैं और जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
मंडल अध्यक्ष मुकेश जोशी ने लिया संज्ञान
क्षेत्रवासियों की इस गंभीर परेशानी को देखते हुए मंडल अध्यक्ष मुकेश जोशी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने तुरंत PHED के अधिकारियों से संपर्क कर इस घोर लापरवाही पर नाराजगी जताई। जोशी ने अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए हैं कि वार्ड 19 और 20 में गंदे पानी की समस्या का तुरंत प्रभाव से समाधान निकाला जाए और सुचारू रूप से स्वच्छ पेयजल की सप्लाई सुनिश्चित की जाए।
जोशी ने अधिकारियों को चेताया है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो मजबूरन जनता के साथ मिलकर जलदाय विभाग के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। अब देखना यह है कि मंडल अध्यक्ष के कड़े निर्देश के बाद विभाग के अधिकारी कब तक हरकत में आते हैं और लोगों को राहत मिलती है।




































