|

बीकानेर: नयाशहर थाना क्षेत्र की किराडू गली में बंद मकान में चोरी,पीछा करने पर बाइक से फरार हुआ चोर

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र स्थित शिवराज जी किराडू गली में रविवार शाम एक बंद मकान में चोरी की वारदात सामने आई है। चोरी का सामान लेकर भाग रहे एक युवक का स्थानीय निवासियों ने पीछा भी किया, लेकिन वह चकमा देकर भागने में सफल रहा।


​मिली जानकारी के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 8 बजे की है। किराडू गली के नुक्कड़ पर स्थित यह मकान मुंबई निवासी अशोक दमानी का है और पिछले कई वर्षों से बंद पड़ा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक युवक इस बंद घर से प्लास्टिक के एक बड़े थैले में कुछ सामान लेकर बाहर निकला। संदिग्ध लगने पर मोहल्लेवासियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह एक और युवक के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया। भागते समय पुष्करणा स्कूल के पास भी कुछ युवकों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी।


​शातिराना अंदाज में काटा ताला
चोर ने वारदात को बेहद शातिराना तरीके से अंजाम दिया। उसने घर का ताला काटकर उसे वापस दरवाजे पर इस तरह से अटका दिया था, जिससे बाहर से देखने पर ताला बंद ही नजर आए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से इस बंद घर की लाइट भी जल रही थी, जिससे अंदेशा है कि चोरों ने वारदात से पहले घर की रेकी की थी और वहां आवाजाही कर रहे थे।


​तांबे और पीतल के बर्तन हुए पार, पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने पर नयाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर में रखे कुछ पुराने तांबे और पीतल के बर्तन चोरी हुए हैं। चोरी गए सामान की पूरी और सटीक जानकारी मकान मालिक के बीकानेर पहुंचने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोर की तलाश कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button