एक वायरल तस्वीर के बाद ट्रोल हुए वार्ड 44 के पार्षद (माली बाबा) शुभकरण गहलोत,सोशल मीडिया पर यूजर कर रहे है सवाल






THE BIKANER NEWS:;बीकानेर। नगर निगम महापौर चुनाव से पहले बीकानेर की सियासत में निर्दलीय पार्षदों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच वार्ड 44 के निर्दलीय पार्षद और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शुभकरण गहलोत (माली बाबा) की एक तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
दरअसल, भाजपा के महापौर प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत ने निर्दलीय पार्षदों के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। इस तस्वीर में शुभकरण गहलोत भी अन्य पार्षदों के साथ नजर आ रहे हैं। भाजपा की ओर से किए गए दावे के मुताबिक, 10 में से 9 निर्दलीय पार्षदों ने डॉ. शेखावत के नेतृत्व में विश्वास जताया है और भाजपा के पक्ष में मतदान करने का निर्णय लिया है।
तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर शुभकरण गहलोत को लेकर चर्चा शुरू हो गई और कुछ यूजर्स ने उनसे सवाल पूछने शुरू कर दिए। उनके वार्ड से चुनाव में पराजित कांग्रेस नेता मनोज नागल की ओर से भी सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जाने की बात सामने आई है।
गौरतलब है कि नगर निगम चुनाव में वार्ड 44 से शुभकरण गहलोत निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विजयी हुए हैं। चुनाव परिणामों के अनुसार उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी मनोज नागल को हराया था। और उनका चुनाव चिंह सेव था जिसको लेकर अब लोग सेव पर तरह तरह के कमेट करते नजर आ रहे है
चुनाव प्रचार के दौरान शुभकरण गहलोत ने जनता के बीच पार्षद की भूमिका, वार्ड की समस्याओं और निगम में कथित अनियमितताओं को लेकर कई बातें रखी थीं। वहीं, उनके द्वारा द बीकानेर न्यूज़ को दिए गए इंटरव्यू में समर्थन को लेकर अपनी शर्तों से जुड़ा बयान भी चर्चा में रहा था।
अब भाजपा प्रत्याशी के साथ तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मुख्य सवाल यही उठ रहा है कि क्या शुभकरण गहलोत ने भाजपा प्रत्याशी को समर्थन देने का फैसला किया है, या तस्वीर का कोई दूसरा राजनीतिक संदर्भ है?
हालांकि, शुभकरण गहलोत की ओर से इस तस्वीर और भाजपा के समर्थन के दावे पर उनका स्पष्ट सार्वजनिक बयान सामने आना बाकी है। इसलिए फिलहाल तस्वीर और भाजपा के दावे के आधार पर ही चर्चाएं चल रही हैं।
बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस के 42, भाजपा के 27 और निर्दलीयों के 10 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। 21 सितंबर को होने वाले महापौर चुनाव में कांग्रेस के अनिल कल्ला और भाजपा के डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत आमने-सामने हैं।
अब सबकी नजर शुभकरण गहलोत के अगले बयान और 21 सितंबर के मतदान पर है।





































