राजस्थान मौसम अपडेट: 28-29 जुलाई से मौसम का यू-टर्न, कई जिलों में भारी से अतिभारी बारिश का IMD अलर्ट

THE BIKANER NEWS:-जयपुर। राजस्थान में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार, 28 जुलाई 29 जुलाई के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। इस दौरान कुछ जिलों में भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मानसून सक्रिय होने की वजह
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी भारत के ऊपर एक गहरा अवदाब (Deep Depression) बना हुआ है। यह वर्तमान में उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा तट के आसपास स्थित है। वहीं, मानसून की ट्रफ लाइन अपनी सामान्य स्थिति में बीकानेर, दतिया और डाल्टनगंज से होते हुए इस सिस्टम तक फैली हुई है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र के कारण प्रदेश में मानसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना बढ़ गई है।
28 जुलाई
पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
29 जुलाई
कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी से अतिभारी वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में पूर्वी राजस्थान के कई क्षेत्रों में मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान भी कई स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और प्रशासन द्वारा जारी मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है।





































