|

दुःखद हादसा:-पैदल कोडमदेसर मन्नत के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को तेज रस्तार बुलट बाइक ने मारी टक्कर,दो की मौत,दुर्घटना के बाद ट्रॉमा सेंटर में तनाव,पुलिस ने किया नियंत्रण

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, 21 जून। शहर में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब पीबीएम अस्पताल में भर्ती परिजन के स्वास्थ्य लाभ की मन्नत मांगने के लिए एक परिवार पैदल कोडमदेसर भैरव मंदिर जा रहा था। जिनको तेज़ रफ्तार एक बुलट बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी,


प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 9:30 बजे ग्रांधी प्याऊ के पास अमर बकरा बाड़े के निकट एक तेज रफ्तार बाइक ने पैदल जा रहे श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि पीबीएम अस्पताल के एसएसबी सेंटर में भर्ती परिवार जन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना के लिए उनकी बेटियां स्वाति (29) और महक (22), पुत्र चिराग (12), फूफा घनश्याम दास (60) तथा रिश्तेदार सोनू (20) पैदल कोडमदेसर भैरव मंदिर जा रहे थे।
हादसा इतना भीषण था कि घनश्याम दास (60) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार मिहिर महात्मा निवासी रानी बाजार ने भी गंभीर चोटों के चलते दम तोड़ दिया।



दुर्घटना में स्वाति, महक और सोनू घायल हो गए, जबकि 12 वर्षीय चिराग को चोटें आईं। सभी घायलों को तत्काल पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।


ट्रॉमा सेंटर में हंगामा, डॉक्टरों ने जताया विरोध
हादसे के बाद ट्रॉमा सेंटर में विवाद हो गया। आरोप है कि बाइक सवार के परिजनों ने चिकित्सा स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिसके विरोध में रेजीडेंट डॉक्टरों ने सुरक्षा की मांग को लेकर कुछ समय के लिए कार्य का बहिष्कार कर दिया। इससे अस्पताल की व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं।


पुलिस ने संभाला मोर्चा
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस जाब्ते के साथ अस्पताल पहुंचे। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। बाद में अधिकारियों और चिकित्सकों के बीच हुई वार्ता के बाद मामला शांत हुआ और चिकित्सा सेवाएं पुनः शुरू कर दी गईं।
किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए अस्पताल परिसर में देर रात तक आरएसी का अतिरिक्त बल तैनात रखा गया। पुलिस सड़क हादसे और अस्पताल में हुए विवाद दोनों मामलों की जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button