भैरव तालाब की खुदाई में मिली प्राचीन प्रतिमा और शिलालेख


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर जिला मुख्यालय से 45 किलोमीटर दूर कोलायत तहसील में भैरव आस्था के केंद्र सिंसा भैरव मंदिर के निकट स्थित ‘भैरव तालाब’ के जीर्णोद्धार का कार्य मंगलवार को विधि-विधान से प्रारंभ किया गया। वर्षा जल संरक्षण के लिए तालाब की खुदाई का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन इसी खुदाई के दौरान इतिहास से जुड़ी महत्वपूर्ण चीजें सामने आई हैं।

खुदाई के दौरान यहाँ एक विशेष पत्थर की प्रतिमा प्राप्त हुई है, जिसके चारों ओर चार अन्य आकृतियां उकेरी हुई हैं। इसके साथ ही एक शिलालेख भी मिला है, जिस पर संवत 1439 अंकित बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह तालाब पूर्व में किसी ओसवाल बनिया समाज के व्यक्ति द्वारा खुदवाया गया था। हालांकि, प्राप्त प्रतिमा और शिलालेख के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व की आधिकारिक पुष्टि पुरातत्व विभाग के विशेषज्ञ ही करेंगे।
ग्रामीणों का मानना है कि यह खोज इस क्षेत्र के इतिहास के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान जयवीर सिंह भाटी ने तालाबों के संरक्षण को जल संचयन और पर्यावरण संतुलन के लिए नितांत आवश्यक बताया। उन्होंने इस वर्षा जल संग्रहण के लिए तालाब का जीर्णोद्धार करवाए जाने की विस्तृत जानकारी दी।
इस कार्यक्रम में नरपत सिंह, मोहन सिंह, रणपाल सिंह, रमेश पांडिया, राजकुमार पारीक और नारायण पारीक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




































