Breaking:-विकास कार्यों के अनावरण पर बवाल: शिलापट्ट पर विधायक का नाम न होने पर भिड़े भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता, पट्टिका तोड़ी

THE BIKANER NEWS:सुजानगढ़ (चूरू): चूरू जिले के सुजानगढ़ में बुधवार रात विकास कार्यों के अनावरण कार्यक्रम के दौरान भारी बवाल हो गया। कार्यक्रम की अनावरण पट्टिका में स्थानीय कांग्रेस विधायक मनोज मेघवाल का नाम नहीं होने और उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित न किए जाने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प, धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई, जिसके बाद गुस्साए कांग्रेसियों ने अनावरण पट्टिका को ही तोड़ डाला।

कैसे शुरू हुआ विवाद?
बुधवार शाम 7:30 बजे सुजानगढ़ के एन.के. लोहिया स्टेडियम में टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता और स्टेडियम में हुए विकास कार्यों के अनावरण का कार्यक्रम चल रहा था। इस कार्यक्रम में चूरू विधायक हरलाल सहारण, बीजेपी जिला महामंत्री पराक्रम सिंह राठौड़ और स्थानीय बीजेपी नेता कमल दाधीच समेत कई भाजपा नेता मौजूद थे।
काले झंडे लेकर पहुंचे कांग्रेसी और हुई हाथापाई
विधायक का नाम न होने की भनक लगते ही रात करीब 9:45 बजे स्टेडियम के गेट के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता काले झंडे लेकर इकट्ठा हो गए। इस दौरान स्थानीय भाजपा नेता कमल दाधीच और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उनकी भिड़ंत हो गई। दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की के साथ हाथापाई तक नौबत आ गई।
मामला बढ़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से भाजपा कार्यकर्ताओं को स्टेडियम के अंदर कर गेट बंद कर दिया और कांग्रेसियों को बाहर ही रोक लिया। इसी गहमागहमी के बीच आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनावरण पट्टिका को तोड़ दिया।
चूरू विधायक की गाड़ी को घेरा, पुलिस ने किया बल प्रयोग
स्टेडियम के बाहर हुए इस हंगामे के कुछ देर बाद जब चूरू विधायक हरलाल सहारण गणेश मंदिर के आगे स्थित गेट से बाहर निकले, तो कांग्रेस कार्यकर्ता उनकी गाड़ी के आगे आ गए। इस हरकत पर विधायक नाराज होकर गाड़ी से नीचे उतर गए, जिसके चलते एक बार फिर दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।
हालात बेकाबू होते देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने भीड़ को खदेड़ कर स्थिति को नियंत्रण में लिया और विधायक हरलाल सहारण को सुरक्षित उनकी कार में बैठाकर वहां से रवाना किया।
इस पूरी घटना पर चूरू विधायक हरलाल सहारण ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे वहां केवल खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन करने के उद्देश्य से गए थे। इस राजनीतिक टकराव के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।



































