Bikaner:-ट्रेन के सामने से ट्रैक्टर निकालने की लापरवाही पड़ी भारी,ट्रॉली के उड़े परखच्चे


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर (नापासर): रेलवे ट्रैक पार करने की जल्दबाजी एक किसान को भारी पड़ गई। सामने से आती ट्रेन को देखकर भी ट्रैक्टर-ट्रॉली निकालने के प्रयास में ट्रॉली ट्रैक पर फंस गई और तेज रफ्तार ट्रेन से जा टकराई। गनीमत रही कि चालक समय रहते भाग निकला, जिससे उसकी जान बच गई। हादसे के बाद पुलिस से बचने के लिए चालक ने चोरी की झूठी कहानी रची, लेकिन आरपीएफ (RPF) की सख्ती के आगे उसकी एक न चली और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

क्या है पूरा मामला?
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह घटना 7 अप्रैल की है। सूदसर और नापासर रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 419/06 पर ट्रेन संख्या 12371 आ रही थी। इसी दौरान नारसीसर निवासी ट्रैक्टर चालक कान सिंह (पुत्र लिछमण सिंह) ने ट्रेन को आता देख भी तेजी से ट्रैक पार करने की कोशिश की। इस भारी लापरवाही में ट्रैक्टर तो आगे निकल गया, लेकिन ट्रॉली पहियों के बीच ही फंस गई। कान सिंह ने जैसे-तैसे अपनी जान बचाई और दूर भाग गया, जिसके बाद सामने से आ रही ट्रेन ट्रॉली से टकरा गई। यदि चालक थोड़ी सी भी देर करता, तो हादसा जानलेवा हो सकता था।
बचने के लिए रची चोरी की झूठी कहानी
हादसे के बाद आरोपी कान सिंह रेलवे पुलिस थाने पहुंचा और बचने के लिए शिकायत दर्ज कराई कि उसका ट्रैक्टर और ट्रॉली चोरी हो गए हैं। हालांकि, आरपीएफ अधिकारियों को उसकी बातों पर शक हुआ। जब उन्होंने सख्ती से पूछताछ की, तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि वह खुद ही जल्दबाजी में ट्रैक से गाड़ी निकालने की कोशिश कर रहा था।
आरपीएफ की कड़ी कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडल सुरक्षा आयुक्त संजय पीसे के निर्देश पर निरीक्षक सुभाष बिश्नोई के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र की मदद से कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रैक्टर चालक कान सिंह को गिरफ्तार कर लिया।



































