राजस्थान मौसम अपडेट,श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर जोधपुर सहित अधिकांश इलाको में आंधी बारिश का अलर्ट

THE BIKANER NEWS:-जयपुर: राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, प्रदेश में गुरुवार (2 अप्रैल) से एक नया और ‘स्ट्रॉन्ग वेदर सिस्टम’ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 4 अप्रैल तक राज्य के अधिकांश इलाकों में मौसम बदला रहेगा।

मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि इस सिस्टम के काफी शक्तिशाली रहने की उम्मीद है। इसके चलते 3 और 4 अप्रैल को राजस्थान के अधिकतर जिलों में घने बादल छा सकते हैं और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज आंधी चलने की संभावना है। विभाग ने कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की है। इस सिस्टम का सबसे ज्यादा असर पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी जिलों में देखने को मिलेगा।
जिलों के लिए जारी किया गया अलर्ट:
- 2 अप्रैल (येलो अलर्ट): श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर और बाड़मेर।
- 3 और 4 अप्रैल (ऑरेंज अलर्ट): श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर और जोधपुर में आंधी-बारिश का ज्यादा जोर रहेगा।
- 3 और 4 अप्रैल (येलो अलर्ट): हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, जयपुर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, नागौर, अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, बाड़मेर, जालोर, सिरोही, पाली, राजसमंद, बूंदी, कोटा, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर।
पिछले 24 घंटों का हाल:
पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश स्थानों पर आसमान साफ रहा, लेकिन बुधवार दोपहर बाद से ही श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर के क्षेत्रों में मौसम बदलने लगा। यहां घने बादल छाने के साथ ही हल्की से मध्यम हवाएं चलीं। वहीं, अजमेर और जयपुर संभाग में भी बादलों की आवाजाही रही। तापमान की बात करें तो बुधवार को प्रदेश में चित्तौड़गढ़ में सबसे ज्यादा गर्मी दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे इस दौरान सतर्क रहें और तेज आंधी या ओलावृष्टि के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें।



































